शिक्षा और रोजगार
Town Police Station incident: पूर्व सभापति सुमित रणवां सहित कई जनों पर मुकदमा दर्ज
टाउन थाना प्रभारी को धमकाने और हिरासत में लिए आरोपी को जबरन ले जाने का आरोप
Hanumangarh Town Police Station incidentहनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। नगर परिषद की पुरानी फाइलों में कथित गड़बड़ी से जुड़े मामले की जांच के दौरान तीन अक्टूबर को टाउन पुलिस थाने में हुए घटनाक्रम को लेकर नगर परिषद की सभापति के पति, पूर्व सभापति, नवनिर्वाचित पार्षद सुमित रणवां सहित कई जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उपअधीक्षक वृत्त हनुमानगढ़ आरपीएस करण सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर टाउन थाना पुलिस ने थाना प्रभारी के कार्यालय में जबरन घुसकर अनुसंधान प्रभावित करने, थाना प्रभारी को धमकाने, पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने तथा मुकदमे के नामजद आरोपी को जबरन निजी गाड़ी में बैठाकर ले जाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार नगर परिषद की पुरानी फाइलों में गड़बड़ी से संबंधित प्रकरण में टाउन थाना पुलिस की ओर से जांच की जा रही थी। इसी दौरान मामले में नामजद लेखाधिकारी मालचंद शर्मा और गंगाराम को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। पुलिस जांच रिपोर्ट के अनुसार तीन अक्टूबर को नगर परिषद सभापति के पार्षद पति सुमित रणवां, अमित माहेश्वरी, पार्षद नवीन बाकोलिया, रघुवीर वर्मा, जेपी बेनीवाल, नारायण नायक, सोहनलाल सांगा, प्रमोद सोनी, अजमेर सिंह उर्फ बिल्लूसिंह सहित करीब 15-20 लोग थाने पहुंचे और थाना प्रभारी लखवीर गिल के कार्यालय में प्रवेश कर अनुसंधान को लेकर सवाल-जवाब करने लगे।
आरोप है कि सुमित रणवां व उनके साथियों ने प्रकरण में मालचंद शर्मा और गंगाराम के खिलाफ कार्रवाई व पूछताछ का विरोध किया तथा थाना प्रभारी पर अनुसंधान प्रभावित करने के लिए दबाव बनाया। थाना प्रभारी को नौकरी खराब करने सहित अन्य धमकियां दी गईं। घटनाक्रम के दौरान लेखाधिकारी मालचंद शर्मा की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। इस पर थाना प्रभारी लखवीर गिल ने मालचंद को सरकारी वाहन से राजकीय अस्पताल ले जाने के निर्देश दिए।
इसी दौरान सुमित रणवां, धीरज व उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की तथा मालचंद शर्मा को जबरन अपनी निजी गाड़ी में बैठाकर थाने से ले गए। पुलिस जांच में इस पूरे घटनाक्रम को थाना प्रभारी को राजकार्य से रोकने, अनुसंधान में बाधा डालने, धमकाने तथा पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने से जुड़ा माना गया है। इसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच रावतसर थाना प्रभारी मदनलाल बिश्नोई को सौंपी गई है।
वर्तमान सभापति के पति हैं सुमित रणवां
सुमित रणवां वर्तमान नगर परिषद सभापति मंजू रणवां के पति हैं। राजनीतिक रूप से वे निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल गुट से जुड़े हुए हैं। वहीं, विधायक गणेश राज बंसल के खिलाफ भी एक दिन पहले ही जंक्शन थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। ऐसे में लगातार दो दिनों में विधायक गुट से जुड़े लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का मामला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने मामले में उपलब्ध दस्तावेजों, पुलिसकर्मियों एवं मौके पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर कार्रवाई शुरू की है।