कैराना ब्लॉक में सेवा सेतु शिविर का आयोजन, विभिन्न विभागों ने लगाई स्टाल

केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का किया गया प्रचार-प्रसार

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित विकास खंड कार्यालय के प्रांगण में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के द्वारा स्टाल लगाकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान भाजपा नेता अनिल चौहान व कण्डेला मण्डलाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह एडवोकेट मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे। 

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही जगह पर उपलब्ध कराना है। शिविर में नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, मौके पर ही आवेदन की सुविधा मिल रही है। इसी क्रम में गुरुवार को ब्लॉक प्रांगण में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, पंचायती राज, आंगनबाड़ी, पशुपालन और रसद विभाग आदि के स्टाल लगाए गए, जिसमें पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन (विधवा, वृद्धा, दिव्यांग) और पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।

बीडीओ कैराना रोहित शर्मा ने बताया कि यह बहुउद्देशीय अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 के बीच चलाया जा रहा है, जिसमें ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित हो रहे है। गुरुवार को कैराना ब्लॉक प्रांगण में बहुउद्देश्यीय सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर आगामी पांच अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न विभागों के द्वारा स्टाल लगाकर सरकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया जाएगा। बीडीओ ने क्षेत्र के लोगो से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। इस अवसर पर एडीओ पंचायत राहुल पंवार, एडीओ समाज कल्याण ऋतु गुप्ता, एडीओ एग्रीकल्चर सतेंद्र सिंह, एडीओ आरडी राजीव कुमार तथा पंचायत सचिव निशांत बालियान, अंकित तोमर, सुशीला रानी, प्रवीण कुमार, विदुर पंवार आदि मौजूद रहे।

 

About The Author

Related Posts