शिक्षा और रोजगार
Sunam Canal Break: सुनाम की उगराहां-नीलोवाल नहर में 30 फुट का बड़ा कटाव, डेरा सच्चा सौदा सेवादार पाटने में जुटे
सैकड़ों एकड़ धान की फसल तबाह होने का अनुमान
Sunam Canal Break: गोबिंदगढ़ जेजियां, (सच कहूँ/भीम सैन इन्सां)। नजदीकी गांव उगराहां से नीलोवाल जाने वाली नहर में वीरवार सुबह एक बड़ा कटाव पड़ने के कारण आसपास के किसानों की चिंताएँ बढ़ गईं। टूटी नहर के पानी ने आसपास के खेतों में किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। किसानों की सैकड़ों एकड़ में खड़ी पक चुकी धान की फसल खराब होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही शाह सतनाम जी ग्रीन एस वैल्फेयर कमेटी के सेवादार, प्रशासन, पुलिस और सिंचाई विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा पानी का बहाव रोकने और कटाव को भरने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, नहर में कटाव पड़ने के बाद भी किनारों से मिट्टी के ढेर गिर रहे हैं और बड़े सफेदे के पेड़ भी उखड़कर नहर में गिर रहे हैं, जिससे कटाव और बढ़ने का खतरा बना हुआ है। किसानों ने बताया कि उनकी धान की फसल पककर कटाई के बिल्कुल करीब थी, इसलिए खेतों में पानी भरने से फसल के नुकसान को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने नहर की लंबे समय से खराब हालत का हवाला देते हुए बताया कि उनके मुताबिक नहर की मियाद करीब 40 साल पहले ही पूरी हो चुकी है। नायब तहसीलदार सुनाम रीतू कपूर ने बताया कि नहर टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
एसएचओ सहित सिंचाई विभाग के एसडीओ और अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग की ओर से पीछे से आ रहा पानी बंद करवा दिया गया है और पानी का बहाव रोकने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक पीछे से पानी बंद होने के कारण करीब दो से तीन घंटों में पानी का बहाव रुकने की उम्मीद है। सिंचाई विभाग के एसडीओ आर्यन अनेजा ने बताया कि कटाव को भरने के लिए विभाग की ओर से खाली थैले, जेसीबी मशीनें, मिट्टी से भरी ट्रॉलियां और अन्य जरूरी सामग्री मौके पर पहुंचाई गई है।
विभाग के मजदूरों के साथ सामाजिक संस्थाओं और ग्रामीण भी लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नहर में करीब 30 फुट का कटाव पड़ा है और ऊपरी हिस्से से आ रहे पानी के बहाव को कम किया जा रहा है। जैसे-जैसे पानी का स्तर कम होगा, उसी के अनुसार कटाव को भरने का काम आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमों की ओर से मौके पर कटाव भरने और पानी के बहाव को नियंत्रित करने का काम जारी है।
