शिक्षा और रोजगार
Instagram Fraud: विदेशी महिला से ठगी, शादी का झांसा देकर ठगे 98 हजार
इंस्टाग्राम पर की थी इटली की महिला से दोस्ती, आरोपी गिरफ्तार
Instagram Fraud: गुरुग्राम, (सच कहूँ न्यूज)। इटली मूल की महिला से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर शादी झांसा दिया और एआई वीडियो बनाने के नाम पर 900 यूरो (करीब 98 हजार रुपये) ठगी कर ली गई। ठगी के आरोपी को साइबर क्राइम पश्चिम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिल (36) निवासी आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वर्तमान में वह गुरुग्राम के सेक्टर-17 सुखराली में रहता है। सहायक पुलिस आयुक्त साइबर नवीन शर्मा ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस करके बताया कि पीड़िता ने जुलाई 2026 में इंस्टाग्राम के जरिए सहायक पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम गौरव फोगाट से संपर्क कर शिकायत दी थी। 28 सितंबर को वह इटली से गुरुग्राम आकर लिखित शिकायत दी। उसने बताया कि अखिल ने खुद को एआई फिल्म क्रिएटर बताया, दोस्ती की और शादी का झांसा दिया।
एआई वीडियो बनाने के काम के लिए पैसों की जरूरत बताकर उसने वेस्टर्न यूनियन के जरिए 4 अगस्त 2026 को 450 यूरो और 10 सितंबर को 450 यूरो, कुल 900 यूरो ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद संपर्क बंद कर दिया। इस शिकायत पर साइबर थाना पश्चिम में केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने 1 अक्तूबर को सेक्टर-17 से अखिल को काबू किया। पुलिस ने आरोपी से मोबाइल बरामद कर लिया है। अपने साथ हुए फ्रॉड पर इटली से गुरुग्राम पहुंची पीड़िता ने गुरुग्राम पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता की सराहना करते हुए धन्यवाद किया।