शिक्षा और रोजगार
सुनाम के सनमदीप मामले में भड़के केवल ढिल्लों, पंजाब के डीजीपी को दी चेतावनी
सनमदीप की माता को 24 घंटे से पहले पहले सुरक्षित पेश करें, नहीं तो भाजपा के गुस्से का करना पड़ेगा सामना
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: संगरुर के विधानसभा क्षेत्र सुनाम के अधीन पड़ते गांव कनौई के दलित युवक सनमदीप सिंह की मौत के बाद परिवार की गैर-मौजूदगी में किए गए अंतिम संस्कार का मामला अब राजनीतिक हलकों में गरमा गया है। बीते 24 घंटे से सनमदीप सिंह की माता की कथित अवैध हिरासत को लेकर भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को सीधी चेतावनी दी है कि इस मामले में तत्काल सनमदीप की माता को पेश करते हुए सुरक्षित घर भेजा जाए तथा आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और अन्य सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार किया जाए। यदि अगले 24 घंटे के दौरान इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पंजाब पुलिस और सरकार को पंजाब भाजपा के गुस्से का सामना करना पड़ेगा।
चंडीगढ़ में सनमदीप सिंह के पिता परमजीत सिंह, भाई रवि सिंह और चचेरे भाई विक्रमजीत सिंह के साथ भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान सुनाम से भाजपा नेता दमन बाजवा और भाजपा के मीडिया प्रभारी विनीत जोशी भी मौजूद थे। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि 23 वर्षीय सनमदीप सिंह के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कर पहले उसे जेल भेज दिया जाता है। जब वह जमानत पर बाहर आता है तो उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया जाता है। इस मामले में गांव का सरपंच ही मुख्य आरोपी है और उस का साथ कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा द्वारा दिया जा रहा था।
गांव के सरपंच द्वारा सनमदीप सिंह को कई बार बेइज्जत किया गया, जिसके कारण उसने यह भयानक कदम उठाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि उसका परिवार पिछले पांच दिनों से अंतिम संस्कार नहीं कर रहा था और सुनाम के अस्पताल के बाहर धरना देकर बैठा था। परिवार की मांग थी कि उन्हें इंसाफ दिया जाए और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। लेकिन, उनके अनुसार, पुलिस ने उल्टा परिवार के खिलाफ ही पुलिस के काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज कर दिया और पूरे परिवार को हिरासत में ले लिया गया। ढिल्लों ने कहा कि पुलिस हिरासत से मुश्किल से भागकर परिवार के कुछ सदस्यों ने अपनी जान बचाई।
केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि इस दौरान पुलिस हिरासत में ली गई सनमदीप की माता के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। इस संबंध में उन्होंने डीजीपी गौरव यादव को फोन किया था, लेकिन गौरव यादव से बात नहीं हो सकी। इसके बाद एडीजीपी पंजाब से बातचीत की गई, जिन्होंने विश्वास दिलाया कि जल्द ही माता का पता लगाकर उन्हें घर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह डीजीपी को चेतावनी दे रहे हैं कि यदि माता को सुरक्षा के साथ घर नहीं भेजा गया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पंजाब भाजपा इस मामले में पंजाब पुलिस और सरकार के खिलाफ पूरे पंजाब में प्रदर्शन करेगी और सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि सनमदीप सिंह को इंसाफ दिलाया जाएगा।
अब पुलिस जबरन अंतिम संस्कार करवाने लगी है, शर्म करे पुलिस: ढिल्लों
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि सनमदीप सिंह का परिवार इंसाफ के लिए धरना दे रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और बाद में सनमदीप सिंह के शव को मुर्दाघर से उठाकर परिवार की मौजूदगी के बिना उसका अंतिम संस्कार तक कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अब पंजाब पुलिस इस तरह जबरन अंतिम संस्कार भी करवाने लगी है। पंजाब पुलिस को अपने इस कृत्य पर शर्म करनी चाहिए।