शिक्षा और रोजगार
Bhakra Neher: हरचंद सिंह बरस्ट ने भाखड़ा नहर पर नए पुल के निर्माण कार्य का किया उद्घाटन
6.18 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 44 मीटर लंबा सिंगल स्पैन स्टील ट्रस पुल
समाना (सच कहूँ/सुनील चावला)। Samana News: पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन और आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव हरचंद सिंह बरस्ट ने शनिवार को हलका समाना के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने तथा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से एक अहम परियोजना की शुरूआत की। उन्होंने समाना-पातड़ां रोड से जोड़ामाजरा को जाने वाली लिंक रोड पर भाखड़ा मेन लाइन नहर पर बनने वाले नए पुल के निर्माण कार्य का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस उद्घाटन समारोह के दौरान हलका समाना के विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। समारोह के दौरान क्षेत्रवासियों, पंचों-सरपंचों और गणमान्य लोगों ने बरस्ट और जोड़ामाजरा का गर्मजोशी से स्वागत किया। भाखड़ा नहर पर इस नए पुल का निर्माण कार्य शुरू होने से आसपास के पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परियोजना के बारे में बरस्ट ने बताया कि यह पुल समाना-पातड़ां रोड (मावी कलां) से जोड़ामाजरा को जाने वाली लिंक रोड पर भाखड़ा मेन लाइन के ऊपर बनाया जाएगा। यह 44 मीटर लंबा सिंगल स्पैन स्टील ट्रस पुल होगा, जिसे आधुनिक निर्माण तकनीकों से तैयार किया जाएगा, ताकि यह लंबे समय तक मजबूत और सुरक्षित रहे।
इस पुल के निर्माण पर करीब 6.18 करोड़ रुपये की लागत आएगी। बरस्ट ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जसबीर सिंह ब्लॉक समिति सदस्य, राम सिंह सरपंच फतेहपुर, नरेन्द्र सिंह सरपंच बरस्ट, सोनू सरपंच गुरु नानक नगर, जगसीर सिंह सरपंच गुरु तेग बहादुर नगर, अवतार सिंह सरपंच जोड़ामाजरा, लाडी गज्जूमाजरा, वरिंदर सिंह नंबरदार, प्रितपाल सिंह जोड़ामाजरा पूर्व सरपंच, हरपाल सिंह जोड़ेमाजरा आदि उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही बेहद अहम मांग थी। इस नए पुल के बनने से जहाँ आम लोगों, स्कूली बच्चों और राहगीरों की रोजाना आवाजाही सुरक्षित और सुगम होगी, वहीं किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी और समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब मंडी बोर्ड की ओर से पूरे राज्य में ग्रामीण लिंक सड़कों के निर्माण, मरम्मत और नवीनीकरण के कार्य पूरी तत्परता से किए जा रहे हैं।