लूट के पीड़ित और 4 वर्षीय मासूम बच्ची पर लुटेरों ने किया जानलेवा हमला

4 वर्षीय मासूम बच्ची की गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर

Published On

नाभा (सच कहूँ/तरुण कुमार शर्मा)। Nabha News: आजकल आम हो चुकी लूटपाट की वारदातों के बीच उस समय एक नया मामला सामने आया, जब नाभा में लूट की घटना की शिकायत करना एक मजदूर परिवार को भारी पड़ गया। मामला नाभा के गांव बोड़ा कलां से जुड़ा है, जहाँ गुरविन्द्र सिंह नामक एक मजदूर का परिवार बीती 17 सितंबर को फैक्ट्री से अपनी तनख्वाह लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान नाभा शहर के पास तीन नकाबपोश हथियारबंद लुटेरों ने उसे और उसकी पत्नी को घेर लिया तथा उनसे 25,800 रुपये की तनख्वाह लूट ली।  लूट की वारदात के बारे में पीड़ित मजदूर ने अपने परिवार को बताया, जिसके बाद 18 सितंबर को थाना सदर पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई गई। इस मामले में नंबरदार यूनियन की ओर से पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि यदि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो रोष धरना दिया जाएगा। दूसरी ओर, लुटेरे शिकायत किए जाने से कथित तौर पर इतने नाराज हुए कि उन्होंने गरीब मजदूर गुरविन्द्र सिंह और उसकी बेटी गुरसिमरन कौर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। 

आज 19 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे जब गुरविन्द्र सिंह अपनी बेटी का पड़ोसी गांव कोटला में इलाज करवाकर वापस लौट रहा था, तो रास्ते में हथियारबंद लुटेरों ने, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, उसे घेर लिया। उन्होंने गुरविन्द्र सिंह से कहा कि उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और उसे सबक सिखाने के लिए वे आए हैं। जब लुटेरों ने उस पर हमला किया तो गुरविन्द्र सिंह मामूली चोटों के साथ बच गया, लेकिन उसकी चार वर्षीय मासूम बेटी के गले पर किरच नुमा तेजधार हथियार लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मासूम बच्ची को पहले नाभा सिविल अस्पताल, फिर पटियाला और फिलहाल पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आम लोगों में चर्चा है कि पहले तो लूट की घटनाएँ ही काबू में नहीं आ रही थीं, लेकिन अब लूट की घटनाओं की शिकायत करना भी भारी पड़ रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी नाभा गुरिन्द्र सिंह बल्ल, एसएचओ सदर जसप्रीत सिंह काहलों और कोतवाली प्रभारी अमनदीप बराड़ मौके पर पहुंचे। पीड़ित बच्ची के दादा हाकम सिंह और ग्रामीणों ने कहा कि नाभा में जिस तरह की घटना हुई है, उससे लगता है कि पंजाब में जंगलराज जैसी स्थिति है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों के शासन में इस तरह सरेआम लूटपाट और हमले देखने को नहीं मिलते थे, लेकिन अब घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। डीएसपी नाभा गुरिन्द्रसिंह बल्ल ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। मामले के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

About The Author

Related Posts