शिक्षा और रोजगार
Work Visa Fraud: कनाडा वीजा के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
महिला समेत तीन गिरफ्तार, सात मोबाइल, थार कार और पांच पासपोर्ट बरामद
Canada Work Visa Fraud: नोएडा (सच कहूँ न्यूज)। कनाडा का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का फेस-1 थाना पुलिस ने पदार्फाश किया है। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक थार कार और पांच ग्राहकों के पासपोर्ट बरामद किए गए हैं। एसीपी मयंक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना फेस-1 के थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ एक अक्टूबर को मैनुअल सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर सेक्टर-2 स्थित सी-7 इमारत में कार्रवाई की।
मौके से राहुल कुमार चौहान, संदीप सिंह और पूजा महाजन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक सेक्टर-2 में संचालित एक शिक्षा परामर्श कंपनी का संपर्क अरमान और क्रिस्टन जेनिफर नाम के लोगों से हुआ था। दोनों ने कंपनी को कनाडा का वर्क वीजा दिलाने का भरोसा दिया था। कंपनी ने पांच ग्राहकों के विवरण और उनके पासपोर्ट आरोपियों को उपलब्ध कराए थे।
जांच में सामने आया कि क्रिस्टन जेनिफर का वास्तविक नाम पूजा महाजन और अरमान का वास्तविक नाम संदीप सिंह है। पुलिस के अनुसार संदीप सिंह ह्यमाई सेकंड लाइनह्न ऐप के जरिए कनाडा का वर्चुअल फोन नंबर इस्तेमाल करता था। वह खुद को कनाडा में रहने वाला बताकर नोएडा की परामर्श कंपनियों से संपर्क करता था।
पहले 25 हजार, फिर 12.50 लाख की मांग
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कागजी कार्रवाई, बायोमेट्रिक प्रक्रिया और मेडिकल जांच के नाम पर प्रत्येक ग्राहक से 25 हजार रुपये लिए। इसके बाद अस्थायी निवास वीजा बनवाकर कनाडा भेजने का भरोसा देते हुए प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर प्रत्येक ग्राहक से 12.50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ फेस-1 थाने में मुकदमा अपराध संख्या 526/26 दर्ज किया है।