अतिक्रमण की गिरफ्त में कैराना के बाजार, रोजाना जाम से जूझ रहे व्यापारी और खरीदार

दुकानों के आगे अतिक्रमण, रेहड़ियों और अनावश्यक ई-रिक्शाओं की आवाजाही से बिगड़े हालात

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: नगर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण और जाम की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है। दुकानों के आगे अवैध अतिक्रमण, रेहड़ियों और ई-रिक्शाओं की अनावश्यक आवाजाही के चलते बाजारों में पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। जाम के कारण व्यापारियों के साथ-साथ खरीदारी करने आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर के शामली बस स्टैंड से लेकर चौक बाजार, जोड़वा कुआं, मेंढकी दरवाजा, मीना बाजार, निर्मल चौराहा और जामा मस्जिद बाजार तक जाम की समस्या बनी हुई है। एक ओर जहां मुख्य मार्ग पर जाम से राहत है, वहीं अंदरूनी बाजारों में स्थिति विकट बनी हुई है। बाजारों में अतिक्रमण के चलते रास्ते संकरे हो गए हैं। ऐसे में ई-रिक्शाओं की आवाजाही समस्या को और बढ़ा रही है।

व्यापारी सोनू बंसल का कहना है कि बाजार में अवैध अतिक्रमण के चलते प्रतिदिन विकट हालात उत्पन्न हो रहे हैं। व्यापारी संजय राजवंशी ने बताया कि शामली बस स्टैंड से ही जाम की समस्या शुरू हो जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, व्यापारी अभिषेक ने भी पुलिस-प्रशासन से जाम की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

व्यापारियों की मांग है कि बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ ही ई-रिक्शाओं की अनावश्यक आवाजाही पर अंकुश लगाया जाए, ताकि व्यापारियों और खरीदारों को जाम की समस्या से निजात मिल सके। अब देखना यह है कि पुलिस-प्रशासन बाजारों की इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts