Vasundhara Yojana: वसुंधरा योजना में अवैध निर्माण की होगी जांच, शासन ने मांगी भवनवार रिपोर्ट

14 भूखंडों पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण और सेटबैक के उल्लंघन की शिकायत, वरिष्ठ अधिकारी करेंगे स्थलीय निरीक्षण

Published On

गाजियाबाद, सच कहूँ/रविन्द्र सिंह। Ghaziabad News: वसुंधरा योजना में कथित अवैध निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण के मामले में शासन ने अब जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश शासन के आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग-2 की ओर से उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के आवास आयुक्त को पत्र भेजकर शिकायत में उल्लिखित संपत्तियों का किसी वरिष्ठ अधिकारी से स्थलीय निरीक्षण कराने और विस्तृत जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन के अनु सचिव राम निहोर की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में वसुंधरा योजना में तैनात अधिकारियों और बिल्डर के कथित गठजोड़ से अवैध निर्माण कराए जाने, स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण तथा सेटबैक का उल्लंघन किए जाने संबंधी शिकायत का उल्लेख किया गया है। यह शिकायत वसुंधरा निवासी रवि मावी की ओर से की गई थी।

शासन ने शिकायत में बताए गए कुल 14 भवनों और भूखंडों को जांच के दायरे में शामिल किया है। इनमें भवन संख्या 5/1212, 11/413, 12/501, 3/404, 3/1450, 14ए/709, 1/285, 1पीएच-03, 12/901, 5/1335, 3/973, 5/706, 11/372 और 14ए/603 शामिल हैं।

पत्र में आवास आयुक्त को निर्देशित किया गया है कि इन सभी संपत्तियों का किसी वरिष्ठ अधिकारी से स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। साथ ही प्रत्येक संपत्ति की अलग-अलग विस्तृत आख्या तैयार कराई जाए और जांच के समर्थन में फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएं।

शासन के इस पत्र के बाद अब संबंधित संपत्तियों में निर्माण की स्थिति, स्वीकृत मानचित्र और मौके पर हुए निर्माण के बीच अंतर तथा सेटबैक संबंधी नियमों के पालन की जांच होने का रास्ता साफ हो गया है। अब निगाहें आवास एवं विकास परिषद की जांच और उस पर होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। हालांकि, अभी जांच पूरी नहीं हुई है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts