आवास विकास ने वसुंधरा की पांच बिल्डिंगों जारी किए नोटिस ध्वस्तीकरण के आदेश
गाजियाबाद अंतर्गत वसुंधरा में पांच भूखंडों पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण, आवास विकास परिषद ने जारी किए नोटिस और ध्वस्तीकरण आदेश
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह। Ghaziabad News: वसुंधरा आवासीय योजना में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। सेक्टर-14 निवासी रवि मावी की ओर से जनसुनवाई आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के जवाब में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के निर्माण खंड कार्यालय गाजियाबाद-01 ने पांच भूखंडों पर अवैध निर्माण के खिलाफ नोटिस और ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए जाने की जानकारी दी है।
परिषद की ओर से शिकायत संख्या 40014026077895 के संबंध में जारी जवाब के अनुसार, भूखंड संख्या 11/413 पर आवंटी कृष्ण चंद्र पांडेय द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किए जाने पर कारण बताओ नोटिस और ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया है।
इसी प्रकार भूखंड संख्या 3/404 पर ललित वर्मा, भूखंड संख्या 1/PII-3 पर राजीव कुमार अग्रवाल, भूखंड संख्या 3/413 पर पंकज शर्मा और भूखंड संख्या 1/285 पर मुकुल गुप्ता के खिलाफ भी स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण के मामले में कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से कई मामलों में ध्वस्तीकरण आदेश भी निर्गत किए जाने की जानकारी दी गई है।
परिषद ने अपने जवाब में यह भी बताया है कि योजना में अवैध निर्माणों के खिलाफ पुलिस बल की मांग करते हुए समय-समय पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाए जाते हैं। वहीं भूखंड संख्या 5/1335 के संबंध में पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण और सीलिंग अभियान चलाकर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
परिषद के सक्षम अधिकारी ने इन सभी बिंदुओं पर की गई कार्रवाई का विवरण देते हुए आईजीआरएस शिकायत को निस्तारित कर दिया है। हालांकि, परिषद के जवाब में संबंधित भूखंडों पर जारी आदेशों के वास्तविक अनुपालन और अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त किए जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में सवाल है कि नोटिस और ध्वस्तीकरण आदेश जारी होने के बाद मौके पर निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कब तक सुनिश्चित की जाएगी।
.jpg)
Comments