चार साल में बदली गाजियाबाद की ट्रैफिक व्यवस्था, 870 कैमरों से 41 स्थानों पर पैनी नजर
ट्रैफिक पुलिस का कुनबा बढ़ा, 500 से अधिक स्वयंसेवक संभाल रहे यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी; अब तक 10 लाख से अधिक ई-चालान
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह। Ghaziabad News: कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद गाजियाबाद की यातायात पुलिस ने पिछले चार वर्षों में संसाधनों, तकनीक और कार्यप्रणाली के स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। यातायात पुलिस का ढांचा मजबूत करने के साथ निगरानी के लिए आधुनिक कैमरे, इंटरसेप्टर वाहन और स्मार्ट ट्रैफिक बूथ उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इन प्रयासों से यातायात प्रबंधन बेहतर हुआ है और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने में मदद मिली है।
कमिश्नरेट गठन से पहले यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी एक अपर पुलिस अधीक्षक, एक क्षेत्राधिकारी, छह यातायात निरीक्षक, 25 उपनिरीक्षक और 470 मुख्य आरक्षी व आरक्षियों के पास थी। अब यातायात पुलिस में एक डीसीपी, एक एडीसीपी, तीन एसीपी, 11 निरीक्षक, 125 उपनिरीक्षक और 718 मुख्य आरक्षी व आरक्षी तैनात हैं। इस तरह यातायात निरीक्षकों की संख्या छह से बढ़कर 11 और उपनिरीक्षकों की संख्या 25 से बढ़कर 125 हो गई है।
जिले में 500 से अधिक ट्रैफिक वॉलंटियर जुड़े
यातायात व्यवस्था में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए 500 से अधिक ट्रैफिक वॉलंटियर नियुक्त किए गए हैं। इन्हें योग्यता और रुचि के आधार पर चार टीमों में बांटा गया है। इनमें 495 सदस्य ट्रैफिक मैनेजमेंट, 19 रिसर्च एवं फीडबैक, 10 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और 10 ट्रैफिक जागरूकता टीम में शामिल हैं। ये प्रमुख चौराहों, स्कूलों और व्यस्त मार्गों पर यातायात नियंत्रण के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं। यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए जिले को तीन मुख्य जोन और नौ सब-जोन में बांटा गया है। पहले छह सब-जोन थे। इनमें से आठ सब-जोन कार्यालयों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि एक कार्यालय निर्माण के अंतिम चरण में है। प्रमुख मार्गों पर अवैध कट बंद कराने और सड़क संरचना में सुधार के लिए भी संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया गया है।
870 कैमरों से निगरानी, रोजाना चार हजार से अधिक ई-चालान
तकनीकी व्यवस्था के तहत शहर के 41 प्रमुख स्थानों पर 870 आधुनिक एएनपीआर कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इनके माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर ई-चालान किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, प्रतिदिन औसतन चार हजार से अधिक ई-चालान किए जाते हैं और अब तक 10 लाख से अधिक ई-चालान किए जा चुके हैं।
20 स्मार्ट ट्रैफिक बूथ उपलब्ध कराए गए
इसके अलावा यातायात पुलिस को 20 स्मार्ट ट्रैफिक बूथ उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें बिजली, पंखे, पेयजल और बैठने की सुविधा है। भीषण गर्मी से राहत देने के लिए यातायात कर्मियों को तापमान नियंत्रित करने वाले आधुनिक हेलमेट भी वितरित किए गए हैं। ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई के लिए एक चारपहिया इंटरसेप्टर वाहन के अलावा चार दोपहिया इंटरसेप्टर वाहन भी उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें लेजर आधारित स्पीड गन से वाहनों की गति पर नजर रखी जाती है।
सोशल मीडिया से निरंतर मिलती है ट्रैफिक की जानकारी
यातायात पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से जाम, रूट डायवर्जन और प्रमुख मार्गों की स्थिति की जानकारी साझा कर रही है। एनएच-9, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, मोहन नगर और यूपी गेट सहित व्यस्त मार्गों के लिए नियमित ट्रैफिक बुलेटिन जारी किए जाते हैं। धार्मिक आयोजनों, वीआईपी मूवमेंट, जलभराव और सड़क मरम्मत के दौरान वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी पहले से दी जाती है।'दो गज दूरी' अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों और व्यस्त मार्गों से अतिक्रमण हटाने, फुटपाथ खाली कराने तथा अवैध पार्किंग और बॉटलनेक की समस्या दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम, जीडीए और एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के साथ मिलकर सड़क के गड्ढों, साइन बोर्ड, ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।
सड़क हादसों में हुई मौतों का आंकड़ा
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या वर्ष 2022 में 195, वर्ष 2023 में 188, वर्ष 2024 में 206 और वर्ष 2025 में 251 रही। वर्ष 2026 में अक्टूबर तक 184 लोगों की मौत दर्ज की गई है। दुर्घटनाओं में जनहानि कम करने के लिए 10 थानों में विशेष टीमों का गठन कर दुर्घटना संभावित स्थानों पर सघन चेकिंग और सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।
सड़क के बीच बने डिवाइडरनुमा आइलैंड को हटवाया
यातायात पुलिस ने एनएच-9 पर सुंदरदीप कॉलेज के सामने सड़क के बीच बने डिवाइडरनुमा आइलैंड को भी एनएचएआई की मदद से हटवाया है। पुलिस के मुताबिक, इस आइलैंड के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। इसे हटाने से यातायात संचालन में भी सुधार हुआ है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात /कानून व्यवस्था राजकारन नैय्यर ने कहा कि जिले में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधनों, विभागीय समन्वय और जनभागीदारी के माध्यम से यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।उन्होंने आमजन से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की भी अपील की।
Comments