Education Department News: जिला कलक्टर ने किया शिक्षा विभाग के प्रारंभिक कार्यालय का औचक निरीक्षण
एमडीएम व्यवस्था और शैक्षणिक गुणवत्ता का लिया जायजा, साफ-सफाई व बगीचे के रखरखाव में सुधार के दिए निर्देश
District Collector inspection: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं एवं प्रभागों की कार्यप्रणाली और प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली। साथ ही विद्यालयों में कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन करने के लिए अपनाए जा रहे तरीकों और मूल्यांकन टूल्स के बारे में भी पूछा। जिला कलक्टर ने मिड-डे मील (एमडीएम) व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि छोटी कक्षाओं के बच्चों को नियमित रूप से पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की गणितीय समझ (न्यूमरेसी स्किल) और पढ़ने की क्षमता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए अगले सप्ताह विस्तृत समीक्षा भी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने कार्यालय की नियमित उपस्थिति और रिपोर्टिंग व्यवस्था पर संतोष जताया, लेकिन कार्यालय परिसर की साफ-सफाई में सुधार की आवश्यकता बताई।
उन्होंने पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने तथा कार्यालय के बाहर स्थित बगीचे का नियमित रखरखाव करने के निर्देश दिए। इस पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक प्रेम दूधवाल ने बताया कि बगीचे की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर पूर्व में कई बार नगर परिषद प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है। इस संबंध में नगर परिषद से दोबारा संपर्क कर जल्द कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा।
Comments