Rawatsar Panchayat Samiti Pradhan: रावतसर पंचायत समिति में कांग्रेस का निर्विरोध प्रधान

- बिना मतदान के सुरभि मेघवाल बनीं प्रधान, भाजपा सहित किसी भी दल ने नहीं उतारा प्रत्याशी

Published On

Rawatsar Panchayat Samiti Chairperson: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। रावतसर पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए शुक्रवार को चुनाव की नौबत ही नहीं आई। निर्धारित समय तक कांग्रेस प्रत्याशी सुरभि मेघवाल के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में उन्हें निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित कर दिया गया। सुरभि मेघवाल रावतसर पंचायत समिति की चौथी महिला प्रधान चुनी गई हैं। सुरभि मेघवाल ने रावतसर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 7 के सदस्य पद पर जीत हासिल की थी।

भाजपा, बसपा और निर्दलीय सदस्यों की ओर से प्रधान पद के लिए कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया। खास बात यह कि पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक धर्मंेद्र मोची का गृहक्षेत्र रावतसर है। रावतसर पंचायत समिति में कांग्रेस को पहले ही स्पष्ट बहुमत हासिल था। कुल 17 जोन वाली पंचायत समिति में कांग्रेस ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को दो, बसपा को एक और एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुआ था।

इस तरह कांग्रेस के पास अपने दम पर प्रधान बनाने के लिए पर्याप्त संख्या बल था। कांग्रेस की इस मजबूत स्थिति के चलते प्रधान पद के लिए मुकाबले की संभावना पहले से ही कम थी। अंतत: किसी अन्य दल या निर्दलीय प्रत्याशी के नामांकन नहीं करने से सुरभि मेघवाल निर्विरोध प्रधान चुनी गईं। उनके निर्वाचन से रावतसर पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान बनना तय हो गया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts