विद्यार्थियों के नवाचार को स्टार्टअप में बदलने का मंच बना एबीईएस का ग्रोथएक्स कॉन्क्लेव
ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज में दो दिवसीय आयोजन शुरू, विशेषज्ञों ने दिए उद्यमिता और निवेश के गुर
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविन्द्र सिंह। Ghaziabad: नेशनल हाईवे - 9 स्थित ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज में वीरवार को दो दिवसीय ‘ग्रोथएक्स कॉन्क्लेव 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। ‘द बिग आइडिया ऑन कैंपस’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य विद्यार्थियों के नवाचारपूर्ण विचारों को स्टार्टअप और व्यावसायिक स्वरूप प्रदान करना तथा उन्हें निवेशकों, उद्योग जगत और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ना है।कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान, इनोवेशन हब, ए.के.टी.यू. के सीईओ डॉ. महीप सिंह तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के एनईबी डिवीजन के पूर्व निदेशक सुजीत बनर्जी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान ने कहा कि बदलते तकनीकी और व्यावसायिक दौर में शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को नवाचार के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएं। उनके विचारों को वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के रूप में विकसित करने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कॉन्क्लेव को विद्यार्थियों, उद्योग विशेषज्ञों, निवेशकों और स्टार्टअप संस्थापकों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
आईनर्चर इनक्यूबेशन फाउंडेशन (आईएनआईएफ) के सीईओ महेंद्र के. गुप्ता ने कहा कि देश के शैक्षणिक परिसरों में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। कॉन्क्लेव के माध्यम से विद्यार्थियों को विचार की पहचान से लेकर प्रोटोटाइप निर्माण, बाजार की जरूरतों को समझने, प्रभावी प्रस्तुतीकरण और निवेश हासिल करने तक की पूरी प्रक्रिया से परिचित कराया जा रहा है।
कॉन्क्लेव के पहले दिन ‘फ्रॉम कैंपस टू कैपिटल: टर्निंग स्टूडेंट इनोवेशन्स इंटू फंडेबल स्टार्टअप्स’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसका संचालन महेंद्र के. गुप्ता ने किया। चर्चा में सुजीत बनर्जी, एंजेल निवेशक प्रयांक गर्ग, एनआरडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. संजीव मजूमदार तथा टीबीआई, आई.पी.ई.सी. के सीईओ साजिद रजा ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप के लिए निवेश जुटाने, प्रभावी पिचिंग और उद्यमिता की व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।
कॉन्क्लेव का आयोजन ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज, डीएसटी इन्क्लूसिव टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर (आईटीबीआई) और आईनर्चर इनक्यूबेशन फाउंडेशन द्वारा इनोवेशन हब, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी के सहयोग से किया जा रहा है।
आयोजन के दूसरे दिन आज ग्रैंड फिनाले पिच का आयोजन होगा। इसमें चयनित प्रतिभागी विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के सामने अपने स्टार्टअप विचार और व्यावसायिक मॉडल प्रस्तुत करेंगे। निर्णायक मंडल में राठी एंड जैन एसोसिएट्स के पार्टनर सीए अमित जैन, रेज मनी की हेड ऑफ ग्रोथ वंदना सचदेवा, टीआईई दिल्ली के एसोसिएट डायरेक्टर अभिषेक धर और डीएक्ससी टेक्नोलॉजी के मैनेजर समीर अग्रवाल शामिल होंगे।
मीडिया प्रभारी डॉ. तरुण अरोड़ा ने बताया कि कॉन्क्लेव का समापन भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के एआई एवं ईटी डिवीजन के अपर निदेशक डॉ. नलिन कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।
Comments