बाल विवाह रोकने के लिए बच्चे भी निभाएं जिम्मेदारी, 1098 और 100 नंबर पर दें सूचना
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित, विद्यार्थियों को किया जागरूक
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को टाउन स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (फोर्ट) में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने और समाज को जागरूक करने में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। कार्यशाला में ग्रामीण न्यायालय न्यायाधीश मीनाक्षी, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक प्रेमाराम तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र गोदारा मौजूद रहे।
कार्यशाला में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि बाल विवाह मुक्त भारत का सपना साकार करने में बच्चे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यदि उनके आसपास कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो वे बिना किसी भय के चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस हेल्पलाइन 100 नंबर पर सूचना दें। वक्ताओं ने कहा कि उनकी एक छोटी सी पहल से यदि किसी एक बच्ची का बचपन भी बचाया जा सके तो यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने बताया कि राजस्थान सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह सौ दिवसीय अभियान शुरू किया गया है।
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मिलकर आमजन को जागरूक करेंगे और बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जा सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, साथिनों, पटवारियों, गिरदावरों और बीट प्रभारियों से निर्भीक होकर बाल विवाह की सूचना प्रशासन तक पहुंचाने तथा इसे रोकने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से राजस्थान और हनुमानगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी काम किया जाएगा।
Comments