Property Fraud: बीमार पिता की संपत्ति हड़पने के लिए बनाई फर्जी वसीयत, दूसरी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज

आवासीय भूखंड को लेकर विवाद, बेटे ने पिता के फर्जी हस्ताक्षर कर वसीयत तैयार करने का लगाया आरोप

Published On

Fake Will Case: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। भादरा में पिता की मृत्यु के बाद उनके नाम दर्ज आवासीय भूखंड को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया है। एक बेटे ने अपने पिता की दूसरी पत्नी पर पूरे भूखंड को अपने नाम करवाने की नीयत से फर्जी व कूटरचित वसीयत तैयार करने का आरोप लगाया है। परिवादी का दावा है कि वसीयत पर उसके पिता के फर्जी हस्ताक्षर किए गए, जबकि पिता अनपढ़ थे और जीवन में कभी हस्ताक्षर करना नहीं सीखा था। न्यायालय में इस्तगासा पेश किए जाने पर भादरा थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार भादरा के वार्ड नंबर 7, ओवरहेड वाटर टैंक के पास कायमखानी बास निवासी सलीम खान (33) पुत्र लियाकत खान ने न्यायालय में परिवाद पेश किया। परिवाद में बताया कि उसके पिता लियाकत खान की पहली पत्नी इनायती बानो से चार संतानें थीं, जिनमें दो पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। पहली पत्नी की 26 फरवरी 2006 को मृत्यु होने के बाद पिता ने मोबिना बानो से दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी से दो संतानें मुस्कान बानो और सुफियान खान हैं।

परिवादी के पिता का 11 जनवरी 2025 को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उसके पिता के नाम कायमखानी बास में पट्टेशुदा आवासीय भूखंड था। वर्ष 2016 में उसकी शादी के बाद पिता ने भूखंड के तीन हिस्से कर दीवार बनाकर बंटवारा कर दिया था। एक हिस्से में परिवादी, दूसरे में उसका भाई भंवर खान और तीसरे हिस्से में पिता निवास करने लगे थे। जून 2024 में पिता गंभीर हृदय रोग से पीड़ित हो गए थे। उनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार करवाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी थी। उस समय पिता शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद कमजोर थे तथा अनपढ़ होने के कारण हस्ताक्षर करना भी नहीं जानते थे।

सलीम खान के अनुसार 18 सितम्बर 2026 को उसे पता चला कि मोबिना बानो 12 अगस्त 2024 की वसीयत के आधार पर पूरे भूखंड का नामांतरण अपने नाम करवाने का प्रयास कर रही है। इस पर उसने नगर पालिका भादरा में नामांतरण रुकवाने के लिए आपत्ति दर्ज करवाई और रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। परिवादी का आरोप है कि वसीयत पर पिता के अंगूठे के निशान के स्थान पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। उसने आरोप लगाया कि पिता की गंभीर बीमारी का फायदा उठाकर पूरी संपत्ति हड़पने की नीयत से कूटरचित दस्तावेज तैयार किया गया। पुलिस ने न्यायालय के इस्तगासे पर मोबिना बानो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक दुनीराम को सौंपी गई है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts