Hanumangarh Pradhan Chunav: हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति में त्रिकोणीय तो हनुमानगढ़ टाउन में सीधा मुकाबला
जंक्शन में कांग्रेस के रत्नेश कड़वा, भाजपा के अक्षय कुमार और निर्दलीय हरजीत कौर ने ठोकी ताल
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। हनुमानगढ़ जंक्शन और हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति में प्रधान पद के निर्वाचन की प्रक्रिया शुक्रवार को सुबह 10 बजे शुरू हुई। दोनों पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए प्रत्याशियों ने निर्धारित समय से पहले नामांकन दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की। हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति में कांग्रेस के मंगलाराम और भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी देवीलाल चालिया के बीच मुकाबला है। वहीं हनुमानगढ़ जंक्शन में कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में उतरने से त्रिकोणीय मुकाबला है।
हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति में कांग्रेस की ओर से मंगलाराम ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया। वे देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिद्धू, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा और प्रस्तावक हरजिंद्र सिंह के साथ निर्वाचन स्थल पहुंचे।
वहीं भाजपा की ओर से निर्दलीय निर्वाचित सदस्य देवीलाल चालिया ने नामांकन दाखिल किया। वे भाजपा मंडल अध्यक्ष लूनाराम पूनिया, प्रस्तावक महावीर सिंह हुड्डा, पूर्व सरपंच मदन नायक और एडवोकेट जोधा सिंह के साथ पहुंचे। हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति के कुल 19 वार्डांे में कांग्रेस ने 10 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। भाजपा को 4, निर्दलीय को 2, सीपीआई को 2 और रालोपा को एक सीट मिली थी। ऐसे में कांग्रेस के पास अपने दम पर प्रधान बनाने के लिए पर्याप्त संख्या बल है।
हनुमानगढ़ जंक्शन में तीन प्रत्याशियों ने भरा नामांकन
हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए कांग्रेस के रत्नेश कड़वा, भाजपा के अक्षय कुमार और निर्दलीय हरजीत कौर ने नामांकन दाखिल किया। यहां तीन प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है। हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति के कुल 19 वार्डांे में कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं। भाजपा को 4, निर्दलीय को 3, सीपीआई को 2 और रालोपा को एक सीट मिली थी। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण प्रधान पद के चुनाव में निर्दलीय और अन्य सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद दोपहर एक बजे तक नाम वापसी का समय तय था लेकिन दोनों जगह किसी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार कर चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
Comments