पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से ही मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था: धर्मपाल सिंह
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस : पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री की मौजूदगी में गाजियाबाद में आयोजित हुआ समारोह
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह। Ghaziabad News: पशुपालन और दुग्ध उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। इनके विकास के बिना देश को पांच ट्रिलियन डॉलर और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कृषि ,पशुपालन और उद्योग सरकार की प्राथमिकता है। यह बात प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने वीरवार को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित समारोह में कही। मंत्री ने कहा कि किसान और पशुपालक देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। गोवंश का संरक्षण, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि और निराश्रित गोवंश की समुचित देखभाल सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र पशुपालकों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मंत्री ने गौशाला प्रतिनिधियों और गोसेवकों का बढ़ाया उत्साह
मंत्री ने समारोह में प्रगतिशील पशुपालकों, डेयरी संचालकों, गौशाला प्रतिनिधियों और गोसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मयोगियों को कंबल, रजाई और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। मंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और अन्य लोगों से भी पशुपालन और गोसेवा से जुड़ने का आह्वान किया।
दुग्ध उत्पादन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार: डॉ. एसपी पांडेय
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी पांडेय ने स्वदेशी गोवंश के संरक्षण, गोपालन को प्रोत्साहन और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन पोषण के साथ ग्रामीण परिवारों की आजीविका और आर्थिक समृद्धि का भी प्रमुख आधार है। दुग्ध संघ मेरठ के अधिकारियों ने डेयरी क्षेत्र की उपलब्धियों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
2.jpg)
कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कृष्णवीर सिंह सिरोही, मुख्य विकास अधिकारी(सीडीओ) कुमार सौरभ, अपर निदेशक मेरठ मंडल डॉ. मानव, नोडल अधिकारी डॉ. निखिल वार्ष्णेय सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, पशुपालक और गोशाला संचालक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरिवंश सिंह ने किया। उन्होंने श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान को याद करते हुए आधुनिक डेयरी प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन अपनाने की अपील की।
Comments