संयुक्त राष्ट्र की कार्यशाला में विक्रमादित्य सिंह मलिक ने रखा भारत का सर्कुलर इकोनॉमी मॉडल
बैंकॉक में 27 नवंबर तक चलेगी कार्यशाला, गाजियाबाद के कचरा प्रबंधन और जल संरक्षण के मॉडल भी किए प्रस्तुत
गाजियाबाद/मेरठ सच कहूँ /रविंद्र सिंह। Meerut News: नवागत मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक विक्रमादित्य सिंह मलिक (आईएएस) ने बैंकॉक में आयोजित संयुक्त राष्ट्र की क्षेत्रीय कार्यशाला में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सर्कुलर इकोनॉमी पर देश का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। भारत सरकार ने उन्हें इस विषय पर अपने विचार रखने के लिए नामित किया था। 25 से 27 नवंबर तक संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन केंद्र, बैंकॉक में आयोजित कार्यशाला में एशिया के विभिन्न देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र क्षेत्रीय विकास केंद्र (यूएनसीआरडी), संयुक्त राष्ट्र एशिया-प्रशांत आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (यूएन एस्कैप) और यूएनडीपी इंडिया की ओर से आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य 3 आर यानी कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण के सिद्धांतों को बढ़ावा देना है। इसमें मार्च 2025 में जयपुर में अपनाई गई 3आर एवं सर्कुलर इकोनॉमी संबंधी जयपुर घोषणा (2025-2035) को देशों और शहरों की नीतियों में लागू करने पर चर्चा हो रही है।
.jpg)
इन नीतियों को जमीन पर लागू करने में शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका: मलिक
मलिक ने कार्यशाला में भारत की सर्कुलर इकोनॉमी नीतियों की जानकारी दी। इनमें विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व (ईपीआर), स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0, मिशन लाइफ और विभिन्न क्षेत्रों के लिए तैयार कार्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन नीतियों को जमीन पर लागू करने में शहरों की भूमिका महत्वपूर्ण है।नगर आयुक्त गाजियाबाद के रूप में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने शहर में शुरू की गई कई पहल प्रस्तुत कीं। इनमें 40 एमएलडी क्षमता का टर्शियरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट प्रमुख है, जो 1,100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को शोधित पानी उपलब्ध करा रहा है। इस परियोजना के लिए देश के पहले प्रमाणित ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड से धन जुटाया गया था। इसे ग्लोबल वाटर अवॉर्ड्स-2025 में सम्मान भी मिला।
कार्बन क्रेडिट परियोजनाएं पंजीकृत करने वाला गाजियाबाद पहला निकाय
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का पहला नगर निकाय है, जिसने कार्बन क्रेडिट परियोजनाएं पंजीकृत कराई हैं। ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रोपीज मेयर्स चैलेंज 2025-26 में विजेता रही पहल के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं गोबर से जैविक सफेद पेंट तैयार कर रही हैं। शहर में 50 आरआरआर केंद्र, मोबाइल वैन और आरआरआर वेल-बीइंग सेंटर भी स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा ग्लास अपसाइक्लिंग प्लांट, प्लास्टिक से पाइप निर्माण, वेस्ट टू वंडर पार्क और सामुदायिक कंपोस्टिंग जैसी पहल शुरू की गई हैं। देश के पहले एसटीपी आधारित बायो-सीएनजी प्लांट के लिए एमओयू भी किया गया है। पुराने कूड़ा स्थलों को मियावाकी वृक्षारोपण और 193 हरित नर्सरियों में विकसित करने के प्रयासों की जानकारी भी कार्यशाला में साझा की गई।
Comments