Sanskar Academy News: मोबाइल फोन और वीडियो गेम्स से दूर रहकर खेल मैदान से जुड़ने का दिया संदेश
दो दिवसीय खेलोत्सव-2026 का आगाज, 81 खेल स्पर्धाओं में दमखम दिखाएंगे विद्यार्थी
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जंक्शन स्थित संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी में शुक्रवार को दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 'खेलोत्सव-2026Ó का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि नेशनल लेवल के स्केटर अशमीत मान रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पीटी डिस्प्ले और मार्चपास्ट के माध्यम से अनुशासन, एकजुटता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत पीटी डिस्प्ले रहा। इसके बाद विद्यालय के चारों सदनों ने हाउस वाइज मार्चपास्ट किया। ध्वजारोहण और खेल भावना के साथ शपथ ग्रहण की रस्म भी निभाई गई।
मुख्य अतिथि अशमीत मान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को खेलों में अधिकाधिक भागीदारी करनी चाहिए। खेल न केवल शारीरिक फिटनेस बनाए रखते हैं, बल्कि इनमें बेहतर करियर बनाने के अवसर भी उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रिंसिपल एलबी सुब्बा ने बताया कि खेलोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आज की पीढ़ी को मोबाइल फोन, लैपटॉप और वीडियो गेम्स की दुनिया से निकालकर खेल मैदान तक लाना तथा उन्हें शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
दो दिवसीय आयोजन में कुल 81 खेल स्पर्धाएं रखी गई हैं। इसके अलावा कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए करीब 51 विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को खेल मैदान में खेलने के लिए पर्याप्त समय दें और उन्हें खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाती है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
Comments