मोबाइल लूट के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, आरोपियों में एक गैंगस्टर भी शामिल

गंदराऊ के जंगल में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, छीना गया मोबाइल 24 घंटे में बरामद, अवैध तमंचे और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: नगर में मोबाइल छीनने की वारदात के 24 घंटे के भीतर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गंदराऊ के जंगल में आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, अवैध असलहे और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

नगर के मोहल्ला पीपलोतला निवासी कलीम विगत गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित गोल्ड प्लाजा से मोबाइल फोन पर बात करते हुए अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सुशील स्पेयर पार्ट्स की दुकान के सामने बाइक सवार दो युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था। शुक्रवार दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच गंदराऊ के जंगल में मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग करने की बात कही है, जिसमें दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहल्ला पीरजादगान निवासी सलमान उर्फ भैया और मोहल्ला छड़ियान निवासी तस्लीम हैं। उनके कब्जे से छीना गया सैमसंग मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, सलमान उर्फ भैया के विरुद्ध कैराना, शामली और झिंझाना थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत वर्तमान प्रकरण को मिलाकर 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, तस्लीम के विरुद्ध वर्तमान प्रकरण समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, उपनिरीक्षक राहुल कुमार और अशोक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Kairana News (1)

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts