शिक्षा और रोजगार
Ajgar News: कैंटर के बोनट में मिला छह फीट लंबा अजगर
रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा, मौके पर जुटी लोगों की भीड़
फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Faridabad News: गुरुग्राम रोड पर पाली गांव के पास एक सीएनजी पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब छह फीट लंबा अजगर आईसर कैंटर के बोनट के नीचे इंजन में फंसा मिला। कैंटर चालक ने बोनट खोलकर इंजन की सफाई करने की कोशिश की तो अंदर अजगर दिखाई दिया। उसने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया।
जानकारी के अनुसार, कैंटर सीएनजी के सिलेंडर लेकर पंप पर पहुंचा था। सीएनजी खाली करने के बाद चालक वापस जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान इंजन की सफाई के लिए बोनट खोला तो अजगर नजर आया। अजगर इंजन और बोनट के बीच इस तरह फंसा था कि उसे निकालना मुश्किल हो रहा था। लोगों ने कई बार प्रयास किया, लेकिन अजगर बाहर नहीं निकला। इसके बाद एक व्यक्ति ने उसके शरीर में रस्सी बांधी और खींचकर बाहर निकालने का प्रयास किया। कई कोशिशों के बाद अजगर नीचे आ गया। बाद में उसे सड़क पार कराकर अरावली क्षेत्र के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि अरावली क्षेत्र होने के कारण आसपास अक्सर अजगर समेत अन्य वन्यजीव दिखाई देते हैं। आशंका है कि रात में कैंटर के पंप पर खड़े रहने के दौरान अजगर जंगल से निकलकर इंजन में घुस गया होगा। अजगर को सुरक्षित निकालने के बाद चालक कैंटर लेकर वहां से रवाना हो गया।