शिक्षा और रोजगार
‘संगीत एवं समर्पण का शहर कैराना’ पार्क का शुभारंभ
नगरपालिका द्वारा स्थापित 100 फीट ऊंचा तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र, पालिका अध्यक्ष शमशाद अहमद अंसारी ने फीता काटकर किया लोकार्पण
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर नगर पालिका परिषद कैराना की ओर से शुक्रवार को नगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शामली-पानीपत रोड पर कोतवाली के सामने वार्ड संख्या-11 में विकसित किए गए ‘संगीत एवं समर्पण का शहर कैराना’ पार्क तथा 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया गया। पालिका अध्यक्ष शमशाद अहमद अंसारी ने फीता काटकर पार्क और तिरंगा परियोजना को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप तथा नगर पालिका बोर्ड के सभासद मौजूद रहे।
यह परियोजना 15वें वित्त आयोग योजना वर्ष 2025-26 के तहत विकसित की गई है। लंबे समय से खाली पड़ी सार्वजनिक भूमि को आकर्षक पार्क का रूप दिया गया है। पार्क में लगाया गया 100 फीट ऊंचा तिरंगा दूर से ही लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। पार्क पर अंकित ‘संगीत एवं समर्पण का शहर कैराना’ संदेश नगर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता है। पालिका प्रशासन का मानना है कि यह स्थान नगरवासियों के लिए आकर्षण और गौरव का केंद्र बनेगा। इससे पूर्व, नगर पालिका सभागार में गांधी-शास्त्री जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
पालिका अध्यक्ष, सभासदों, ईओ समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया। उपस्थित लोगों ने सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, देशसेवा एवं स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। जयंती के मद्देनजर नगर पालिका की ओर से सुबह विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों के आसपास सफाई कराई गई तथा सड़क किनारे चूना डलवाया गया। वहीं, पूर्व संध्या पर सरकारी भवनों को विद्युत लड़ियों से सजाया गया, जिससे नगर का वातावरण उत्सवमय नजर आया।