शिक्षा और रोजगार
Paddy Price: 1509 धान की निजी खरीद शुरु, जाने कितना लगा भाव ?
बोली में एक दर्जन से अधिक मिलरों और व्यापारियों ने लिया हिस्सा
Paddy Price: रानियां (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। रानियां मंडी में अभी परमल धान की आवक शुरू नहीं हुई है, लेकिन 1509 किस्म के धान की निजी एजेंसियों के माध्यम से खरीद शुरू हो गई है। शुक्रवार को मंडी में हुई बोली में एक दर्जन से अधिक मिलरों और व्यापारियों ने हिस्सा लिया।फसल की गुणवत्ता के अनुसार बोली लगी और 1509 धान का अधिकतम भाव 4470 रुपए प्रति क्विंटल रहा। मंडी में पहुंची अधिकांश फसल 4400 रुपए से अधिक के भाव में बिकी। मंडी दलाल कृष्ण कालड़ा ने ढेरियों की बोली करवाई। खरीद को लेकर व्यापारियों में प्रतिस्पर्धा नजर आई और किसानों की फसल के लिए एक-दूसरे से बढ़कर बोली लगाई गई। निजी खरीद में मिले अच्छे भाव से किसानों को राहत मिली है।
परमल की आवक का इंतजार
फिलहाल मंडी में 1509 जैसी किस्मों की ही आवक हो रही है। परमल धान की आवक अभी शुरू नहीं हुई है। मार्केट कमेटी प्रशासन के अनुसार परमल की आवक बढ़ने के साथ मंडी में खरीद व्यवस्था भी उसी के अनुरूप संचालित की जाएगी। मार्केट कमेटी चेयरमैन ललित मोहन पोपली ने कहा कि धान सीजन को देखते हुए मंडी में जरूरी प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाली फसल की खरीद सुनिश्चित की जाएगी और किसानों को उचित भाव दिलाने के लिए अधिक से अधिक व्यापारियों को बोली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
बोली में त्रिलोक फाइन फूड, रतन राइस मिल, बालाजी इंडस्ट्री, मित्तल राइस मिल, स्वामी फूड, स्वामी आॅर्गेनिक, गोविंद न्यूट्रिशन, चन्दी राइस मिल और साधुराम सुभाष चंद्र सहित एक दर्जन से अधिक मिलरों व व्यापारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान वाइस चेयरमैन स्वर्ण सिंह अभोली, सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र सैन सहित मंडी के अन्य व्यापारी मौजूद रहे।