Hanumangarh Crime News: युवक पर धारदार कापे से हमला, कलाई काटी, डंडों से भी की मारपीट

वी-मार्ट से चप्पल खरीदकर बाहर निकला था युवक, सदर थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। सदर थाना क्षेत्र के धोलीपाल गांव में विवाद के बाद एक युवक पर धारदार कापे और डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के बाएं हाथ की कलाई कट गई, जबकि चेहरे पर भी चोटें आई हैं। घायल युवक के पर्चा बयान के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गौतम (23) पुत्र लालचंद जाट निवासी 12 एमएमके रोही धोलीपाल ने टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय के ट्रोमा सेंटर में पर्चा बयान दिया। उसने बताया कि 8 अक्टूबर की सुबह करीब 8.30 बजे अनिल पुत्र रामेश्वर लाल निवासी धोलीपाल ने फोन कर उसे और अर्शदीप को अपने घर आने के लिए कहा।

अनिल ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसकी पत्नी की बदनामी की है और इसी संबंध में बातचीत करनी है। गौतम के अनुसार, वह अर्शदीप के साथ बाइक पर जाने लगा तो रास्ते में पवन पुत्र मंगलाराम मिल गया, जिसे भी वे अपने साथ ले गए। सुबह करीब 9.30 बजे धोलीपाल बस स्टैंड पर अनिल, मदन बावरी, राजू बावरी, बबलू और तीन-चार अन्य लोग मिले। वहां करीब 10 से 15 मिनट तक बातचीत हुई।

गौतम ने पुलिस को बताया कि इसके बाद वह सरकारी अस्पताल धोलीपाल के पास स्थित दूसरे बस स्टैंड पर वी-मार्ट में चप्पल खरीदने चला गया। चप्पल खरीदकर बाहर निकला तो सामने से सफेद रंग की इट्रिका कार में अनिल पुत्र रामेश्वर लाल जाट निवासी धोलीपाल, बबलू, लक्की मजहबी, मदन बावरी, राजू बावरी और दो-तीन अन्य व्यक्ति पहुंचे। कार से उतरते ही अनिल के हाथ में धारदार कापा था, जबकि अन्य लोगों के पास डंडे थे। अनिल ने उसे जान से मारने की नीयत से सिर पर कापे से वार करने का प्रयास किया। बचाव के लिए हाथ आगे करने पर कापे का वार उसके बाएं हाथ की कलाई पर लगा, जिससे कलाई कट गई। इसके बाद अन्य लोगों ने डंडों से मारपीट की।

गौतम ने बताया कि पवन और अर्शदीप ने बीच-बचाव कर उसे हमलावरों से छुड़वाया। इस दौरान अनिल ने पवन के साथ भी मारपीट की। हमले में गौतम को कई चोटें आईं। पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले का अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मण लाल को सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts