जीएम रिजोर्ट की रसोई में मिली फंगसयुक्त खाद्य सामग्री और गंदे बर्तन, मालिक पर मुकदमा

कैप, ग्लव्स व एप्रन के बिना खाना बनाने सहित कई गंभीर खामियां मिलने पर सीएमएचओ ने दर्ज करवाया मामला

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। शहर के टाउन क्षेत्र स्थित जीएम रिजोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आने के बाद रिजोर्ट मालिक अर्चित अग्रवाल व अन्य के खिलाफ टाउन पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा टीम के निरीक्षण में सामने आई गंभीर अनियमितताओं और रिजोर्ट से लिए गए खाद्य पदार्थ के नमूने की जांच रिपोर्ट मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद की गई है। मुकदमा अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा की ओर से दर्ज करवाया गया है।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि रिजोर्ट की रसोई में खाद्य पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों की ओर से व्यक्तिगत सुरक्षा से संबंधित कैप, ग्लव्स और एप्रन आदि का पूर्ण रूप से उपयोग नहीं किया जा रहा था। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार खाद्य सुरक्षा टीम के निरीक्षण के दौरान रसोई में उपयोग किए जा रहे बर्तन, चूल्हे और तवे की सफाई का अभाव पाया गया। इन पर कार्बन जमा हुआ था। वहीं डी-फ्रिज में फंगस लगी हुई थी। भंडारित अदरक पर भी फंगस मिली। इसके अलावा डी-फ्रिज में अवधिपार दूध और छाछ भी संग्रहित पाए गए।

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि रिजोर्ट में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थ एवं पेय पदार्थों की प्रयोगशाला में जांच करवाने पर वे सही एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए गए। जीएम रिजोर्ट के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे का संबंध हाल ही में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जारी की गई नमूना जांच रिपोर्ट से भी जुड़ा है।

शुद्ध आहार-मिलावट पर अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने 18 सितंबर को जीएम रिजोर्ट से दही का नमूना लिया था। बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में यह नमूना सब स्टैण्डर्ड पाया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि सितंबर माह में जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट गत दिनों प्राप्त हुई थी। इनमें जीएम रिजोर्ट के दही के नमूने सब स्टैण्डर्ड पाए गए थे। फिलहाल पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts