चोरी की नौ बाइक-स्कूटी के साथ दो शातिर स्नैचर गिरफ्तार
दिल्ली-गाजियाबाद में वाहन चोरी के बाद नंबर प्लेट बदलकर करते थे स्नैचिंग, मोबाइल बेचकर मिले 5,120 रुपये भी बरामद
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिल और दो स्कूटी समेत नौ दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से लूटे गए मोबाइल फोन को बेचकर मिले 5,120 रुपये भी बरामद हुए हैं।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबाली मौर्य ने इंदिरापुरम थाना प्रभारी अजय चौधरी की मौजूदगी में मीडिया को बताया कि 2/3 सितंबर की रात चेकिंग और गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने ग्रीन बेल्ट स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हनी (19) निवासी मकनपुर, इंदिरापुरम, हाल निवासी कोंडली, दिल्ली और निखिल कुमार उर्फ नोनू (22) निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
नंबर प्लेट बदलकर करते थे स्नैचिंग
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए दिल्ली और गाजियाबाद क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उनका इस्तेमाल राह चलते लोगों से मोबाइल व अन्य सामान की स्नैचिंग में करते थे। इसके बाद चोरी के वाहन और लूटे गए मोबाइल फोन को सस्ते दामों में राह चलते लोगों को बेच देते थे। बिक्री से मिली रकम आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे।
दो मुकदमे पहले से दर्ज
इंदिरापुरम थाना प्रभारी अजय चौधरी के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में चोरी के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अन्य थानों और क्षेत्रों में भी उनका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।