ट्रॉफी विवाद के बीच महिला टीम की ऐतिहासिक जीत, राष्ट्रपति से अमित शाह तक ने दी बधाई

ट्रॉफी विवाद के बीच महिला टीम की ऐतिहासिक जीत, राष्ट्रपति से अमित शाह तक ने दी बधाई

Published On

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर महिला T20 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने 8वीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम इंडिया की इस शानदार उपलब्धि के बाद देशभर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई नेताओं ने भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर शुभकामनाएं दीं।

मैच के बाद ट्रॉफी से जुड़ा एक घटनाक्रम भी चर्चा में रहा। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ट्रॉफी देने के लिए मौजूद थे, लेकिन भारतीय महिला टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की। इस घटनाक्रम के बीच टीम की ऐतिहासिक जीत और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की देशभर में सराहना हो रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महिला T20 एशिया कप चैंपियनशिप 2026 जीतने पर भारतीय टीम की सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय बेटियों ने पूरे टूर्नामेंट में एक टीम के रूप में शानदार प्रदर्शन किया और सभी मुकाबले जीते।

राष्ट्रपति ने कहा कि टीम ने देश का मान बढ़ाया है और वह देश के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम भविष्य में भी सफलता और उत्कृष्टता की कई और प्रेरणादायक कहानियां लिखेगी।

अमित शाह बोले- चैंपियंस को बहुत-बहुत बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारतीय महिला टीम की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भारत ने एशियाई क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

अमित शाह ने 8वां महिला एशिया कप खिताब जीतने वाली टीम को बधाई देते हुए कहा कि पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने अपना शानदार दबदबा कायम रखा। उन्होंने कहा कि टीम के प्रदर्शन ने देश को रोमांचित किया है और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का रास्ता तैयार किया है।

योगी आदित्यनाथ ने बताया ऐतिहासिक और अभूतपूर्व

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत को ऐतिहासिक, अभूतपूर्व और असाधारण बताया। उन्होंने महिला एशिया कप 2026 का खिताब जीतने वाली टीम के प्रत्येक सदस्य का अभिनंदन किया।

योगी ने कहा कि भारतीय महिला टीम की यह स्वर्णिम विजय देश के गौरव को नई ऊंचाई देने वाली है। साथ ही, इससे करोड़ों बेटियों के सपनों को नई उड़ान और उनके संकल्पों को नया सामर्थ्य मिलेगा। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों को देश का गौरव बताया।

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी दी शुभकामनाएं

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी एशिया कप में यादगार जीत के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का पल है और भारत में महिला क्रिकेट के लगातार बढ़ते कद का प्रमाण है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम की यह जीत देश की अनगिनत युवा लड़कियों को क्रिकेट को करियर के रूप में अपनाने और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।

8वीं बार चैंपियन बना भारत

भारतीय महिला टीम की यह जीत सिर्फ एक खिताब नहीं बल्कि महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की मेहनत का बड़ा प्रमाण है। पूरे टूर्नामेंट में टीम के शानदार प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रशंसकों को प्रभावित किया और एशिया कप की ट्रॉफी एक बार फिर भारत की झोली में आ गई।

About The Author

Related Posts