Hariyalo Rajasthan Campaign: राजस्थान सरकार का हरित भविष्य की ओर मजबूत कदम, रचा नया कीर्तिमान

हरियालो राजस्थान-वृक्षारोपण महाभियान में प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक पौधारोपण

Published On

Hariyalo Rajasthan Campaign: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी विभागों एवं आमजन को प्रदेश में हरियालो राजस्थान—वृक्षारोपण महाभियान के तहत पौधारोपण में सराहनीय कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। राज्य में हरियालो राजस्थान—वृक्षारोपण महाभियान के तहत पौधारोपण का सिलसिला लगातार जारी है। अभियान को आमजन, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं विभिन्न विभागों का व्यापक सहयोग मिल रहा है। विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अभियान के अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष में अब तक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक पौधारोपण किया गया है।

राजस्थान में पौधारोपण अभियान ने रचा नया कीर्तिमान

भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से प्रेरित प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने हरियालो राजस्थान अभियान में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए वहीं दूसरे वर्ष में 11 करोड़ से अधिक पौधों लगाएं। वर्तमान वर्ष में अब तक 10 करोड़ से अधिक पौधों लगाकर प्रदेश में हरियालो राजस्थान अभियान ने कीर्तिमान स्थापित किया है। इसी कड़ी में इस वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक ही (15 सितम्बर) कुल 10,10,66,212 पौधों का रोपण दर्ज किया गया है। अभियान के तहत 32,11,856 व्यक्तिगत तथा 9,78,54,356 ब्लॉक रोपण के पौधे शामिल हैं। वहीं, 15 सितम्बर को एक ही दिन में 5,50,841 पौधे लगाए गए।

प्रदेशभर में पौधारोपण गतिविधियां 1,63,848 साइट्स पर दर्ज की गई हैं। विविध पद्धतियों से हरित क्षेत्र को बढ़ाया जा रहा है। इसमें ब्लॉक रोपण के तहत 8,89,38,398 पौधे रोपे गए हैं। मियावाकी पद्धति से 65,95,925 तथा फल वाटिकाओं में 23,20,033 पौधे लगाए गए। पौधारोपण के इन व्यापक प्रयासों से प्रदेश में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी नई गति मिल रही है। सामूहिक सहभागिता और निरंतर प्रयासों से राजस्थान को अधिक हरा-भरा बनाने की दिशा में अभियान आगे बढ़ रहा है।

राज्य सरकार के “हरियालो राजस्थान” के लक्ष्य को साकार करने में प्रदेशवासियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्थानीय समुदायों तथा विभिन्न विभागों द्वारा पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है। भारत सरकार के मेरी लाइफ पोर्टल पर पौधारोपण की फोटो अपलोड करने में राजस्थान दूसरे स्थान पर है।

वन विभाग की आमजन से अपील है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाएं, उनकी फोटो हरियालो राजस्थान ऐप/पोर्टल पर अपलोड करें एवं पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। सामूहिक प्रयासों से राजस्थान को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल प्रदेश बनाने के लक्ष्य को और गति मिलेगी।

About The Author

Related Posts