मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने पर थाना प्रभारी निलंबित

एसआई की गिरफ्तारी के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी पर हुई कार्रवाई

Published On

कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में रिश्वत लेने के आरोप में एसआई राजेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र को भी निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने उन्हें पुलिस लाइन भेजा है। उन पर मारपीट की शिकायत को संबंधित अधिकारी को जांच के लिए मार्क करने के बजाय अपने पास रखने का आरोप है।

मामला सुभाष नगर निवासी साहिल की शिकायत से जुड़ा है। साहिल ने सिविल लाइन थाने में मारपीट की शिकायत दी थी। इसके बाद एसआई राजेश कुमार पर मामले में साहिल का नाम निकालने के बदले 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा। एंटी करप्शन ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। बाद में उसे निलंबित कर दिया गया और वह फिलहाल जेल में है।

एसपी कार्यालय के अनुसार इंस्पेक्टर रमेश चंद्र का निलंबन विभागीय कार्रवाई के तहत किया गया है और उनके खिलाफ जांच चल रही है। एसीबी की कार्रवाई से पहले ही रमेश चंद्र का सिविल लाइन थाना प्रभारी पद से तबादला कर कलायत थाना प्रभारी लगाया गया था। अब निलंबन के बाद उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है।

 

About The Author

Related Posts