धरातलीय व गुणवत्तापूर्ण हो शिकायतों का निस्तारण: एडीएम
कैराना में एडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह ने सुनी जनसमस्याएं, 25 शिकायतों में से मात्र चार का मौके पर निस्तारण
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एडीएम शामली सत्येंद्र कुमार सिंह ने कैराना तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनी। उन्होंने मातहतों को आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में गम्भीरता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही, समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली अथवा लापरवाही बरतने पर कार्यवाही की चेतावनी दी है।
शनिवार को तहसील मुख्यालय पर स्थित सभागार कक्ष में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी शामली सत्येंद्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान एडीएम ने क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुना। इस अवसर पर राशन कार्ड बनवाने, अवैध कब्जा हटवाने, विपक्षियों के खिलाफ कार्यवाही, गंदे पानी की निकासी आदि से संबंधित कुल 25 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चार शिकायती-पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को यथाशीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित कर दिया गया। एडीएम ने शिकायतों के धरातलीय, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए है।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पर दर्ज अनेकों शिकायतें संतोषजनक तरीके से निस्तारित नही हो रही है। शिकायतों के निस्तारण में गम्भीरता दिखाए। धरातलीय निस्तारण के वक्त जीपीएस मैप वाले कैमरे की तस्वीरें सलंग्न की जाएं। एडीएम ने लापरवाही पर कार्यवाही के लिए भी चेताया है। इस अवसर पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, तहसीलदार अर्जुन चौहान, आपूर्ति निरीक्षक संदीप मौर्य व शौदान सिंह, बीडीओ कैराना रोहित शर्मा, एडीओ पंचायत राहुल पंवार आदि मौजूद रहे।