पैसों के विवाद में हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
खेतों में मिला था इरफान का शव, सिर और शरीर पर थे चोट के निशान
यमुनानगर (सच कहूँ ब्यूरो)। Yamuna Nagar News: छछरौली थाना क्षेत्र के जयधर गांव के खेतों में 30 सितंबर को मिले इरफान के शव के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा-1 की टीम ने आरोपी राकेश कुमार निवासी खारवन को दादूपुर हेड रोड के पास से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
डीएसपी रजत गुलिया के अनुसार, 30 सितंबर को जयधर गांव के खेतों में एक व्यक्ति का शव लावारिस हालत में मिला था। मृतक की पहचान चुना भट्टी, जगाधरी के पास रहने वाले इरफान के रूप में हुई। उसके सिर और शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले थे। इसके बाद छछरौली थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राकेश ने बताया कि वह और इरफान लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच पैसों का लेनदेन था। पुलिस इसी आर्थिक विवाद को वारदात की वजह मानकर जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रिमांड के दौरान वारदात की परिस्थितियों और किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी।