शिक्षा और रोजगार
Pratap School: हरियाणा स्टेट बैंडी चैंपियनशिप में प्रताप स्कूल के यश राणा ने जीता स्वर्ण पदक
हरियाणा स्टेट बैंडी चैंपियनशिप में प्रताप स्कूल के यश राणा ने जीता स्वर्ण पदक
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा स्टेट बैंडी (आइस हॉकी) चैंपियनशिप में प्रताप स्कूल के खिलाड़ी यश राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय पहुंचने पर यश राणा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर द्रोणाचार्य अवार्डी ओम प्रकाश दहिया, संस्थापक सतप्रकाश नम्बरदार, प्रधानाचार्या दया दहिया, एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया तथा स्केटिंग कोच सुमनलता ने यश राणा का स्वागत करते हुए उसे बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्पोर्ट्स डायरेक्टर द्रोणाचार्य अवार्डी ओम प्रकाश दहिया ने कहा कि प्रताप स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। विद्यालय में लगभग 26 खेलों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं एवं आधुनिक खेल आधारभूत ढांचा उपलब्ध है। विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण के लिए NIS योग्य प्रशिक्षकों की सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही विद्यालय में SAI सेंटर तथा हरियाणा खेल विभाग की स्पोर्ट्स नर्सरियां भी संचालित हैं, जिससे खिलाड़ियों को छोटी उम्र से ही बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर देश, प्रदेश और विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। शिक्षा और खेल का संतुलित वातावरण विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करता है। उन्होंने यश राणा को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया ने कहा कि यश राणा की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि यश राणा का चयन राष्ट्रीय बैंडी चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है, जिसका आयोजन देहरादून में किया जाएगा।