DAP Shortage: टोकन होते हुए भी डीएपी नहीं मिली, किसानों ने डबवाली रोड किया जाम

इफको सेंटर की मशीन में तकनीकी खराबी से अटका वितरण, आश्वासन पर आधे घंटे बाद खुला जाम

Published On

DAP Shortage: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। रबी की बिजाई सिर पर है और किसान डीएपी के लिए सुबह से मंडियों के चक्कर काट रहे हैं। सोमवार को भी किसान सुबह 6 बजे टोकन लेकर मंडी पहुंचे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी इफको सेंटर से खाद नहीं मिली। टोकन हाथ में होने के बावजूद दोपहर तक खाद के लिए भटकते रहे किसानों का आखिरकार सब्र जवाब दे गया। गुस्साए किसानों ने करीब 3:05 बजे डबवाली रोड पर जाम लगा दिया। जिले में रबी सीजन के लिए 45 हजार मीट्रिक टन डीएपी की मांग है, जबकि सोमवार को पहली खेप में 2300 मीट्रिक टन का रैक पहुंचा। पुलिस और अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में किसानों ने जाम खोल दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

गुसाईयाना निवासी चांदीराम, रामदयाल, तरकांवाली निवासी कालूराम, केलनियां निवासी आतराम, रामपुरा ढिल्लों निवासी सुरेश कुमार, सतवेंद्र सिंह, भूप सिंह, दाताराम और होशियार सिंह सहित किसानों ने बताया कि वे सुबह 6 बजे से मंडी में खाद लेने पहुंचे थे। उनके टोकन भी कट चुके थे, लेकिन दोपहर तक खाद नहीं मिली। किसानों का आरोप था कि दुकान नंबर 23 के टोकन वाले किसानों को खाद दी जा रही थी, जबकि इफको सेंटर के टोकन लेकर पहुंचे किसानों को घंटों इंतजार कराया गया। किसानों ने कहा कि सुबह से मंडी में इंतजार करने के बाद भी खाद नहीं मिलने से उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसानों का कहना था कि समय पर डीएपी नहीं मिली तो बिजाई प्रभावित होने का डर है।

एंबुलेंस को रास्ता दिया, अन्य वाहनों को लेकर हुई बहस

जाम के बाद डबवाली रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। किसानों ने एंबुलेंस को रास्ता देकर निकलने दिया। वहीं हरियाणा रोडवेज की बस और स्कूटी सवार महिला के वाहन निकालने को लेकर किसानों से बहस भी हुई। किसानों ने जाम खुलने तक अन्य वाहनों को आगे नहीं जाने दिया। बाद में पुलिस ने छोटे वाहनों को दूसरे रास्ते से निकालने के लिए रूट डायवर्ट किया।

आश्वासन पर आधे घंटे बाद खोला जाम

जाम की सूचना मिलते ही जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी गुरप्रीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। पुलिस की ओर से टोकन व्यवस्था और खाद उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद किसानों ने करीब आधे घंटे बाद जाम खोल दिया और किसान भवन लौट गए। जाम खुलने के बाद डबवाली रोड पर यातायात सामान्य हुआ। 

Dabwali-Road-Jam

तकनीकी समस्या आने पर वितरण हुआ प्रभावित

एक्यूआईसी अमित कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को जिले में 2300 मीट्रिक टन डीएपी का पहला रैक पहुंचा है। रैक आने के बाद  सोमवार को शहर में दो स्थानों सहित जिलेभर में 75 जगहों पर डीएपी का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि इफको सेंटर पर मशीन में तकनीकी समस्या आने के कारण वहां वितरण प्रभावित हुआ। तकनीकी दिक्कत के कारण किसानों को परेशानी हुई। उन्होंने किसानों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि रैक आने के बाद खाद को विभिन्न केंद्रों तक पहुंचाने में थोड़ा समय लगता है।

About The Author

Related Posts