Ayurvedic Medical Camp: नोहर में 11 दिसम्बर से लगेगा बवासीर, अर्श व भगन्दर का आवासीय उपचार शिविर
10 दिन तक चलने वाले शिविर में मरीजों के नि:शुल्क ऑपरेशन, रहने-खाने और दवाइयों की रहेगी व्यवस्था
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। आयुर्वेद विभाग एवं राष्ट्रीय आईस मिशन की ओर से जिला प्रशासन के निर्देशानुसार 11 से 20 दिसम्बर तक नोहर मुख्यालय पर अर्श, भगन्दर और बवासीर रोगों के उपचार के लिए विशेष आवासीय शिविर लगाया जाएगा। शिविर में भर्ती होने वाले मरीजों के नि:शुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे। साथ ही मरीजों के रहने, भोजन और दवाइयों की नि:शुल्क व्यवस्था भी रहेगी।
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर में मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जाएगा। राज्य सरकार एवं राष्ट्रीय आईस मिशन की ओर से भोजन और दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने संबंधित रोगियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की। डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले में आयुर्वेद विभाग के कुल 96 औषधालय संचालित हैं। इनमें 49 आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तहत कार्यरत हैं।
सभी औषधालयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए मौसमी बीमारियों से बचाव की औषधियां विभागीय कार्यालय में पहुंच चुकी हैं। शीघ्र ही इनका वितरण संबंधित केन्द्रों पर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्दी-जुकाम सहित मौसमी बीमारियों से बचाव में आयुर्वेदिक औषधियों और विभिन्न प्रकार के काढ़ों का विशेष महत्व है। इन दिनों सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। आयुर्वेद चिकित्सकों की ओर से मरीजों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क औषधियां दी जा रही हैं।
जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण के प्रस्ताव भेजे
उपनिदेशक डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों में संचालित आयुर्वेद औषधालयों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कुछ औषधालय भवन जर्जर अवस्था में हैं। इनके नवनिर्माण के प्रस्ताव मुख्यालय भिजवाए गए हैं। बजट जारी होने के बाद निर्माण कार्य करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए प्रत्येक वर्ष विशेष अभियान और शिविर आयोजित किए जाते हैं। काढ़ों सहित आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण करने के निर्देश सभी चिकित्सा प्रभारियों को दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने नजदीकी आयुर्वेद औषधालय से उपलब्ध नि:शुल्क औषधियों का लाभ उठाएं और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक रहें।
Comments