BJP Akali Alliance: पंजाब में 6 साल बाद फिर BJP-अकाली दल एक साथ

सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में अमित शाह ने किया ऐलान

Published On

BJP Punjab: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर राजनीतिक साझेदारी करने का फैसला किया है। दोनों पार्टियां 2027 में होने वाला पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में इस गठबंधन की आधिकारिक घोषणा की।

भाजपा मुख्यालय में हुई दोनों दलों के नेताओं की मुलाकात

मंगलवार को सुखबीर सिंह बादल अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उनकी मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई। बैठक में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के कक्ष में दोनों दलों के नेताओं के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा हुई। बातचीत के बाद यह सहमति बनी कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा और अकाली दल संयुक्त रूप से मैदान में उतरेंगे।

अकाली दल की NDA में वापसी, शाह ने किया स्वागत

अमित शाह ने घोषणा की कि अकाली दल अब फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी के तौर पर काम करेगा। उन्होंने इस वापसी को पुराने राजनीतिक संबंधों की दोबारा शुरुआत बताते हुए सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के अन्य नेताओं का स्वागत किया।शाह ने कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पुराने सहयोगी का फिर से साथ आना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि अकाली दल और भाजपा के बीच लंबे समय से राजनीतिक और वैचारिक संबंध रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताई खुशी

गठबंधन की घोषणा के दौरान अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, NDA के विस्तार की जानकारी मिलने पर प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता जाहिर की और सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बातचीत की। शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अकाली दल की वापसी पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अकाली दल के साथ आने से NDA को पूर्णता मिलती है। उन्होंने नरेंद्र मोदी, सुखबीर सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के दौर से चले आ रहे पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया। इस गठबंधन के साथ पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तैयारियों को नई दिशा मिलने की संभावना है। अब दोनों दलों के बीच चुनावी रणनीति और सीटों के बंटवारे को लेकर आगे की चर्चाओं पर नजर रहेगी।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts