भारत माता चौक के आसपास पाइप लाइनों में जगह-जगह लीकेज, रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद
घरों में पहुंच रहा गंदा पानी, धंसने लगी सड़कें, शिकायतों के बावजूद पीएचईडी अधिकारी बेखबर
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। टाउन के भारत माता चौक के आसपास पेयजल पाइप लाइनों में जगह-जगह लीकेज होने से रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण जहां पेयजल की बर्बादी हो रही है, वहीं लीकेज के जरिए दूषित पानी घरों तक पहुंचने की आशंका बनी हुई है। पानी के लगातार सड़क पर जमा होने से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। कई जगह सड़क धंस चुकी है तो कहीं दरारें आ गई हैं।
भारत माता चौक के पास चाय की दुकान संचालित करने वाले कृष्ण कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर वर्तमान में पाइप लाइन में लीकेज हो रहा है, वहां करीब छह माह पहले भी इसी जगह लीकेज हुआ था। उस समय मरम्मत करवाकर समस्या का समाधान कर दिया गया था, लेकिन करीब एक माह पहले फिर से उसी स्थान पर लीकेज शुरू हो गया। इसके अलावा भारत माता चौक के पार्क के पास लगी पानी की टोंटी बार-बार टूटने से पानी सड़क पर फैल जाता है। पीपल के पेड़ के पास भी पाइप लाइन में लीकेज होने से लगातार पानी बह रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। एक ओर हजारों लीटर पेयजल रोजाना बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी ओर दूषित पानी घरों तक पहुंचने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। गंदे पानी से बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। कृष्ण कुमार ने पीएचईडी अधिकारियों से मांग की कि भारत माता चौक के आसपास सभी लीकेज को प्राथमिकता से दुरुस्त करवाया जाए, ताकि पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके, सड़कों को और नुकसान न पहुंचे तथा लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।
Comments