लोगों की समस्याएं सुनने लाइन में पहुंचे विधायक कादियान, कर्मचारी को लगाई फटकार

विधायक कादियान ने खुद लाइन में लगकर सुनी लोगों की पीड़ा, कर्मचारी को दो टूक- चक्कर कटवाना बंद करे, कमियां एक बार में बताओ

Published On

सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: बुजुर्ग, विधवा महिलाएं और दिव्यांग समेत अन्य लोगों को पिछले कई माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन को लेकर चक्कर काट रहे लोगों की सुध लेने खुद विधायक देवेंद्र कादियान सीधे बीडीपीओ कार्यालय के सभागार में चल रहे समाज कल्याण विभाग के कैंप में पहुंचे, जहां पेंशन रूकने से परेशान लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी।

विधायक कादियान ने सीधे जनता के बीच जाकर उनका हाल जाना। जब उन्होंने कतार में खड़ी एक बुजुर्ग महिला से पूछा कि क्या उनकी पेंशन काट दी गई है, जो महिला भावुक हो गई। पीड़ित महिला ने कहा, बेटा, हमें तो कुछ पता नहीं। तीन महीने से पेंशन नहीं मिली, जिससे घर चलाना मुश्किल हो रहा है। लाइन में खड़े एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि वह पिछले 6 महीने से हाथ में दस्तावेज लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।

जनता का तकलीफ और दफ्तर की अव्यवस्था देख विधायक कादियान ने कर्मचारी को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि जिन भी पात्र लोगों की पेंशन अटकी हुई है, उनके दस्तावेजों की जांच कर पेंशन बहाल की जाए। कादियान ने कहा कि अगर दस्तावेजों में कोई कमी है, तो लाभार्थियों को अच्छे से समझाएं कि कौन सा कागज पूरा करना है। आमजन को बार-बार परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कोर्ट केस के कारण होल्ड पर है कई मामले

विभागीय कर्मचारी अभिषेक कुमार ने बताया कि कोर्ट में चल रहे एक मामले की सुनवाई के कारण लाभार्थियों की पेंशन को अस्थायी रूप से होल्ड किया गया है। कर्मचारी ने दावा किया कि जो भी पेंशनधारक अपने पूरे और सही दस्तावेज लेकर आ रहे है, उनकी पेंशन तुरंत दोबारा चालू की जा रही है। कुछ बुजुर्गों के दस्तावेजों में त्रुटि है, जिसे ठीक करने के निर्देश दिए गए है।

About The Author

Related Posts