Soldier Tribute: सैनिक कृष्ण दलाल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
नंदगढ़ गांव में नम आंखों से दी वीर जवान को अंतिम विदाई
जींद (सच कहूँ/जसविन्द्र)। Jind News: जुलाना क्षेत्र के नंदगढ़ गांव निवासी 38 वर्षीय सैनिक कृष्ण दलाल का रविवार को उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सेना के जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। गांव के लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सैनिक को अंतिम विदाई दी। कृष्ण दलाल भारतीय सेना में तैनात थे और वर्तमान में अमृतसर के तोपखाना केंद्र में सेवाएं दे रहे थे। करीब एक वर्ष पहले उन्हें कैंसर का पता चला था। इसके बाद चंडी मंदिर स्थित कमांड अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान शनिवार को उनका निधन हो गया। रविवार को सेना के जवान पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे।
अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद कृष्ण दलाल के दोनों बेटों ने पिता को मुखाग्नि दी। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी, छोटा भाई और दो बेटे हैं। उनके दोनों बेटों की उम्र सात और पांच वर्ष है। छोटा भाई चंडीगढ़ पुलिस में कार्यरत है। हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, नायब तहसीलदार सिराज खान, जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा, जुलाना विधायक विनेश फोगाट के पति सोमबीर राठी सहित जींद आईवीओ टीम के सदस्य मौजूद रहे।