ABVP Protest: एबीवीपी के प्रदर्शन के दौरान कुर्सी लेकर उनके बीच बैठ गए वीसी
हॉस्टल, रि-इवैल्यूएशन फीस और सफाई व्यवस्था जैसी एक-एक समस्या सुनीं
CDLU Latest News: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में सोमवार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्र-छात्राएं वीसी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे तो माहौल उस समय बदल गया, जब कुलपति प्रो. विजय कुमार अरोड़ा खुद कुर्सी लेकर विद्यार्थियों के बीच आकर बैठ गए। इस दौरान उनके साथ रजिस्ट्रार भी मौजूद रहे। हॉस्टल की समस्याओं, रि-इवैल्यूएशन फीस बढ़ोतरी, ई-रिक्शा और सफाई व्यवस्था समेत विद्यार्थियों की मांगें सुनने के लिए वीसी करीब एक घंटे तक छात्रों के बीच बैठे रहे और एक-एक मुद्दे पर खुलकर बातचीत की। एबीवीपी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी भी की।
वीसी ने एक-दो मांगों को छोड़कर अधिकतर पर मौके पर ही समाधान का भरोसा दिया। वीसी प्रो. विजय कुमार अरोड़ा ने विद्यार्थियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बातचीत के अंत में उन्होंने छात्रों को कक्षा में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने की शपथ दिलाई। साथ ही नशे से दूर रहने और विश्वविद्यालय को नशामुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प भी दिलाया। छात्रों ने हॉस्टल तक आने-जाने के लिए ई-रिक्शा सेवा शुरू करने की मांग रखी।
वीसी ने सोमवार से ई-रिक्शा चलाने का आश्वासन दिया। हॉस्टल की डाइट में अतिरिक्त राशि लिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर वीसी ने रजिस्ट्रार की मौजूदगी में हॉस्टल वार्डन को मौके पर बुलाकर विद्यार्थियों की समस्या सुनी और समाधान के निर्देश दिए। साथ ही सोमवार शाम चीफ हॉस्टल वार्डन के साथ बैठक कर इस संबंध में निर्णय लेने की बात कही। सफाई व्यवस्था को लेकर वीसी ने बताया कि विश्वविद्यालय में शिकायत दर्ज कराने के लिए क्यूआर कोड लगाया जा रहा है। किसी भी समस्या की स्थिति में विद्यार्थी उसे स्कैन कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
रि-इवैल्यूएशन फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग
विद्यार्थियों ने रि-इवैल्यूएशन फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई। वीसी ने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। छात्रों ने परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ विद्यार्थियों के ऐसे विषयों में रि-अपीयर दिखाई जा रही है, जिनकी उन्होंने परीक्षा ही नहीं दी। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुत्ते और बिल्लियां क्लास रूम में आकर बैठ जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी होती है। वीसी ने विद्यार्थियों से शिकायत दर्ज कराने के लिए लगाए गए क्यूआर कोड का इस्तेमाल करने को कहा। साथ ही शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होने पर हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश देने की बात कही।
सदस्यता अभियान में छात्रों से मिलीं समस्याएं : एबीवीपी
एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री सुनील शास्त्री और मुकेश बिश्नोई ने बताया कि छात्र सदस्यता अभियान के दौरान कैंपस में विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी गई थीं। इन्हीं समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि कुछ मांगों पर तत्काल कार्रवाई जरूरी है। एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रों को आंदोलन तेज करने और हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।