TB Mukt Bharat Abhiyaan: ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कस्बे के विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनसीसी के निर्देशन में हुआ कार्यक्रम

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को 85 यूपी बीटी एनसीसी शामली के निर्देशन में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 ओमप्रकाश एवं वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ0 राकेश कुमार की उपस्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना से पहुंचे अनुभवी चिकित्सकों की टीम डॉ0 शिवराज देशवाल, डाॅ0 जरीफ अहमद, राहुल चौहान और फार्मासिस्ट शिवा को एनसीसी कैडेट्स के द्वारा माला पहनाकर किया गया।

इस दौरान डॉ0 शिवराज देशवाल ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को थोड़ी-सी भी खांसी या बुखार के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत अपनी जांच करानी चाहिए। ऐसे लक्षणों को अनदेखा नहीं करना चाहिए। डॉ0 जरीफ अहमद ने बताया कि जिस तरह कोरोना महामारी के दौरान सभी के संयुक्त प्रयास से हम बाहर निकल पाए, उसी तरह टीबी को भी हराना संभव है। उन्होंने बताया कि टीबी का बैक्टीरिया गुलाबी रंग का और रॉड के आकार का होता है, जिसका नाम Mycobacterium tuberculosis है। यह बीमारी बाल और नाखून को छोड़कर शरीर के किसी भी अंग में हो सकती है। इसके मुख्य लक्षण एक हफ्ते से अधिक खांसी रहना, बुखार महसूस होना, वजन कम होना, भूख न लगना और खांसी में खून आना है। इसका उपचार संभव है, लेकिन उपचार को बीच में नहीं छोड़ना चाहिए।

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों को पोषण के लिए 3000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। सरकार का लक्ष्य वर्ष-2030 तक भारत को टीबी मुक्त बनाना है। महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ0 राकेश कुमार ने छात्रों से लोगों को जागरूक करने और टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। वहीं, प्राचार्य डॉ0 ओम प्रकाश ने चिकित्सकों द्वारा बताई गई बातों का पालन करने और अभियान में पूर्ण सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंतिम चरण में एनसीसी प्रभारी डॉ0 प्रदीप कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और अपने विचार रखकर समारोह का समापन किया।

About The Author

Related Posts