Keerti Sharma News: कोरिया का 44 वर्षों का दबदबा खत्म कर गोल्ड लाई कीर्ति शर्मा का जींद पहुंचते ही हुआ जोरदार स्वागत

7 साल की उम्र में शुरू किया तीरंदाजी का सफर, अब ओलंपिक मेडल का सपना

Published On

Keerti Sharma Archery Gold: जींद (सच कहूँ न्यूज़)। एशियन गेम्स 2026 में महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली तीरंदाज कीर्ति शर्मा के जींद लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कीर्ति ने अंकिता भगत और कुमकुम मोहोद के साथ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए फाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

अपने पैतृक गांव रितोली पहुंचने के बाद कीर्ति ने सबसे पहले दादा खेड़ा मंदिर में पूजा-अर्चना की। गांव के लोगों और परिजनों ने तीरंदाज का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। कीर्ति ने अपनी जीत को याद करते हुए कहा कि दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ प्रदर्शन करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन भारतीय टीम ने आत्मविश्वास के साथ मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस स्पर्धा में कोरिया के दबदबे को समाप्त कर भारत का स्वर्ण जीतना उनके लिए बेहद खास पल है।

कीर्ति के मुताबिक उन्होंने महज सात वर्ष की उम्र में तीरंदाजी शुरू की थी। स्कूल में इस खेल को देखने के बाद उनके भीतर इसके प्रति रुचि पैदा हुई और धीरे-धीरे यही खेल उनके करियर का लक्ष्य बन गया। एशियन गेम्स में गोल्ड जीतना उनका एक बड़ा सपना था, जिसे अब उन्होंने पूरा कर लिया है।

अपनी सफलता में परिवार की भूमिका को याद करते हुए कीर्ति ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी, इसके बावजूद माता-पिता और अन्य परिजनों ने उनके प्रशिक्षण और खेल करियर में लगातार सहयोग किया। उन्होंने कहा कि परिवार ने उनके लिए कई त्याग किए और इसी समर्थन ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।

कीर्ति ने अपनी उपलब्धि का श्रेय परिवार के साथ अपने कोच को भी दिया। उन्होंने कहा कि अब उनका अगला बड़ा लक्ष्य ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतना है। कीर्ति के दादा ने पोती की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उसने देश के साथ-साथ हरियाणा और अपने गांव का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि कीर्ति को अपने खेल सफर में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उसने कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रही।

कीर्ति के सम्मान के लिए भाजपा विधायक रामकुमार गौतम भी गांव पहुंचे। उन्होंने भारतीय तीरंदाज और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। एशियन गेम्स 2026 के महिला रिकर्व टीम फाइनल में भारतीय तिकड़ी ने दक्षिण कोरिया की मजबूत टीम को मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के बाद कीर्ति शर्मा की नजर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अगली बड़ी चुनौती और ओलंपिक पदक पर है।

About The Author

Related Posts