अबोहर पुलिस ने पिस्टल और जिंदा कारतूस सहित दो युवकों किये अरेस्ट
अबोहर पुलिस ने पिस्टल और जिंदा कारतूस सहित दो युवकों किये अरेस्ट
अबोहर (सच कहूँ/मेवा सिंह)। Abohar News: अबोहर पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अवैध पिस्टल और राउंड बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। जानकारी देते हुए डीएसपी हरीश कुमार ने बताया कि थाना सदर के सहायक सब-इंस्पेक्टर बलवीर सिंह अपनी टीम के साथ सीतो रोड स्थित मलूका नहर पर नाकाबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान अबोहर की तरफ से आ रही एक आई-20 कार को शक होने पर रोका गया। कार में सवार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से .32 बोर का पिस्टल और दो जिंदा राउंड मिले। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान धर्मप्रीत उर्फ प्रीत पुत्र बलविंदर सिंह निवासी बजीतपुर भोमा के रुप में हुई है। थाना सदर पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना नंबर एक के हवलदार राजेश सांगवाल किसी जरुरी काम से सिविल अस्पताल की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया। पुलिस कर्मचारी ने जैसे ही तलाशी के लिए वाहन रोका, युवक ने हाथ में पकड़ी वस्तु सड़क किनारे फेंक दी। पुलिस ने वस्तु की जांच की तो वह 9 एमएम का देसी पिस्टल निकला। पुलिस ने युवक को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान विपन उर्फ इक्का पुत्र फूल सिंह निवासी दुर्गा नगरी, गली नंबर 6 के रुप में हुई है। सिटी-1 पुलिस ने उसके खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
थाना सदर और थाना सिटी-1 की पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए इन युवकों को पकड़ा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों से रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि उन्होंने हथियार कहां से हासिल किए थे और क्या उनका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध है।