शिक्षकों ने तोड़े बैरिकेड, पुलिस से धक्का-मुक्की
पुरानी पेंशन बहाली, डीए जारी करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग
बठिंडा (सच कहूँ/सुखजीत मान)। Bathinda News: बठिंडा में अपनी मांगों को लेकर कई शिक्षक संगठनों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने बैरिकेड तोड़ दिए और पुलिस के साथ उनकी धक्कामुक्की हुई। शिक्षक संगठनों ने सरकार से पुरानी पेंशन बहाल करने, महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने और लंबे समय से कम वेतन पर काम कर रहे कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग की। शिक्षक संगठन के नेता रेशम सिंह ने कहा कि कई शिक्षक और कर्मचारी लंबे समय से अलग-अलग विभागों में कम वेतन पर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक नियमित नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार को चुनाव के दौरान किए गए वादों को जल्द पूरा करना चाहिए। रेशम सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कई बार शिक्षकों को मिलने का समय देने की बात करते हैं, लेकिन बाद में न तो उन्हें बुलाया जाता है और न ही कोई बैठक होती है। उन्होंने कहा कि इस रवैये से शिक्षकों में रोष बढ़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पीछे धकेले जाने के बावजूद शिक्षक संगठनों ने आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। रेशम सिंह ने कहा कि वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। अगर सरकार ने जल्द मांगें पूरी नहीं कीं तो मुख्यमंत्री भगवंत मान जहां भी जाएंगे, शिक्षक संगठन काले झंडे दिखाकर विरोध करेंगे।