Road Accident: दो अलग-अलग सड़क हादसों में भाई-बहन समेत चार घायल

पालिका के कूड़ा उठाने वाले वाहन की टक्कर से भाई-बहन घायल, नामित सभासद रोहताश सैनी ने अस्पताल पहुंचाया

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Road Accident: कस्बे में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में सगे भाई-बहन समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक हादसा नगरपालिका परिषद कैराना के कूड़ा उठाने वाले वाहन से घटित होना बताया गया है।

शुक्रवार को पहला हादसा कस्बे के मुख्य मार्ग पर प्रातः करीब साढ़े 11 बजे हुआ। नगरपालिका परिषद कैराना के कूड़ा उठाने वाले वाहन की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। नगरपालिका परिषद कैराना के नामित सभासद रोहताश सैनी ने राहगीरों की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने दुर्घटना में घायल महिला आमना निवासी रुड़की उत्तराखंड को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में घायल दिलशाद निवासी बरला छपार जनपद मुजफ्फरनगर ने बताया कि वह अपनी बहन आमना को जनपद बागपत के टांडा से दवाई दिलाकर बाइक से वापिस लौट रहा था। इसी दौरान शामली रोड पर नगरपालिका के कूड़ा उठाने वाले टैंपू संख्या-03 की टक्कर से वह दोनों घायल हो गए।

दूसरा हादसा कस्बे के पानीपत मार्ग पर घटित हुआ। असलम निवासी मोहल्ला अफगानान कस्बा कैराना ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। शुक्रवार को वह साकिब निवासी मोहल्ला इस्लामनगर कस्बा कैराना के साथ नगर के पानीपत मार्ग पर गुलशनगर के समीप सड़क किनारे ई-रिक्शा में बैठा था। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें वह दोनों घायल हो गए। हादसे में ई-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी कैराना पहुंचाया। जहां पर उनका उपचार कराया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

 

About The Author

Related Posts