शिक्षा और रोजगार
गोकशी की घटना नाकाम, चार आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, गोकशी के उपकरण, दो जिंदा गोवंश व घटना में प्रयुक्त दो कार बरामद
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कोतवाली पुलिस ने गोकशी की घटना को नाकाम करते हुए कस्बे के जहानपुरा मार्ग पर स्थित बेरी के बाग से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 315 बोर के अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, गोकशी के उपकरण, दो जिंदा गोवंश व घटना में प्रयुक्त दो कार बरामद हुई है। आरोपियों पर पुलिस टीम पर फायरिंग करने का भी आरोप है। पुलिस ने दो आरोपियों के मौके से फरार होने का दावा किया है।
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं गोकशी की घटनाओं की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली कैराना पुलिस के द्वारा संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में कैराना पुलिस को रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली कि कस्बे के जहानपुरा मार्ग पर स्थित बेरी के बाग में कुछ लोग गोकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे है, जिस पर इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, परन्तु उन्होंने स्वयं को घिरता देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने स्वयं को बचाते हुए घेराबंदी करके 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 02 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के 02 अवैध तमंचे व 02 जिंदा कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त होने वाली 02 छुरी, 01 कुल्हाड़ी, 01 लकड़ी का गुटका, 02 रस्सी व 01 तौलिया तथा 02 जिन्दा गोवंश एवं घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की वैगनआर व हुंडई ऑरा कार बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम व पता तौसीफ निवासी कांधला रोड कस्बा कैराना, वसीम निवासी नाई वाली गली, मंदिर के पास काकानगर शामली, जीतू उर्फ जीत निवासी ग्राम रसूलपुर गुजरान व महराब निवासी ग्राम माल्हीपुर थाना कांधला बताए, जबकि अपने फरार साथियों के नाम शहजाद निवासी हाजीपुरा शामली व मोमीन निवासी ग्राम भोपुरा थाना दोघट जनपद बागपत बताए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध सम्बंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया है। साथ ही, उनके फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है।