Asian Games Cricket: एशियन गेम्स में छाए ईशान किशन व सूर्यवंशी, बुमराह ने तोड़ी श्रीलंका की 'कमर'
भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को दिया 170 का लक्ष्य
Asian Games Cricket: निशिन (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका आमने-सामने हैं। मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इस तरह श्रीलंका को फाइनल में जगह बनाने के लिए 170 रन का लक्ष्य मिला है। श्रीलंका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 4 विकेट खोकर 18 रन बना लिए थे।
भारतीय पारी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा सिर्फ 7 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद संजू सैमसन भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 9 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और उनके बल्ले से 13 रन निकले।
प्लेइंग इलेवन में वापसी करने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने केवल 21 गेंदों पर 38 रन बनाए। अपनी पारी में वैभव ने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। वैभव के आउट होने के बाद भारतीय पारी को ईशान किशन ने संभाल लिया। एक के बाद एक विकेट गिरने के बावजूद ईशान ने धैर्य बनाए रखा और स्कोर को आगे बढ़ाते रहे।
ईशान किशन का धमाकेदार अर्धशतक
ईशान ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने रन बनाने की रफ्तार और तेज कर दी। अर्धशतक के बाद उन्होंने महज 13 गेंदों में 30 रन जोड़ दिए। ईशान 46 गेंदों पर 80 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
अक्षर पटेल 13 गेंदों में सिर्फ 8 रन बना सके। उपकप्तान तिलक वर्मा 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शिवम दुबे के बल्ले से केवल 3 रन निकले। दूसरी ओर, वॉशिंगटन सुंदर 3 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की तरफ से थरिंदु रत्नायके ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। कप्तान साहन अराच्चिगे ने भी 28 रन देकर भारत के 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
भारत की प्लेइंग XI में दो बदलाव
सेमीफाइनल मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने अपनी अंतिम एकादश में दो बदलाव किए। यश ठाकुर की जगह जसप्रीत बुमराह को टीम में शामिल किया गया, जबकि अर्शदीप सिंह की जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला। अब श्रीलंका के सामने 170 रन का लक्ष्य है और मुकाबले का परिणाम तय करेगा कि फाइनल में किस टीम की जगह पक्की होती है।