एआई को ताकत बनाएं, दुरुपयोग से बचें, छात्राओं को लक्ष्य तय करने की सलाह

विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं का किया मार्गदर्शन, टिफिन बॉक्स बांटे

Published On

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने घरौंडा के देवी अहिल्याबाई होल्कर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं का मार्गदर्शन किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सही इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं को टिफिन बॉक्स वितरित किए गए। कार्यक्रम में पहुंचने पर छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया और हरियाणवी संस्कृति की झलक दिखाते हुए नृत्य भी किया। कार्यक्रम में पहुंचे समाजसेवी संदीप गर्ग को कल्याण ने जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं और ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। 

पत्रकारों से बातचीत में हरविंद्र कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में सेवाभाव और जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है। व्यक्ति किसी भी पद पर हो, उसे अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाते हुए समाजसेवा से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ संवाद और मार्गदर्शन जरूरी है, ताकि वे अपने भविष्य का लक्ष्य तय कर सकें और समझ सकें कि उन्हें जीवन में क्या करना है। समय-समय पर विद्यार्थियों से मिलकर उनकी काउंसलिंग करने का प्रयास किया जाता है।

ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज तकनीक का दौर है। विद्यार्थियों को एआई को अपनी ताकत बनाना चाहिए, लेकिन इसके दुरुपयोग से बचना भी जरूरी है। तकनीक का नकारात्मक प्रभाव समाज पर नहीं पड़ना चाहिए। एआई उन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के नए विकल्प उपलब्ध करा सकता है, जिनमें विद्यार्थी अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

नवंबर में मनाया जाएगा संविधान पखवाड़ा

हरियाणा विधानसभा के दो साल पूरे होने से जुड़े सवाल पर कल्याण ने कहा कि विधानसभा के कार्य लगातार चलते रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और विजन के अनुसार नवंबर में संविधान पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर समाज के अलग-अलग वर्गों में जागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्थानों और संस्थाओं को मजबूत करना जरूरी है। सार्थक चर्चा से लोगों की समस्याओं के समाधान निकलते हैं। जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएं और समाधान की दिशा में काम करें। सभी कार्य जनहित को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाए जाने चाहिए।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी वीना देवी, चैयरमेन हैप्पी लक गुप्ता, प्रिंसिपल परमजीत कौर, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, कमलकांत धीमान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Gharaunda News

 

About The Author

Related Posts