झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से वसूले 90 लाख

कॉफी हाउस में 50 हजार रुपये लेते युवती रंगे हाथ गिरफ्तार

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से करीब 90 लाख रुपये वसूलने वाली 24 वर्षीय युवती को सदर थाना पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार चार अक्तूबर को एक युवक ने शिकायत दी थी कि करीब तीन साल पहले उसकी एक महिला से आॅनलाइन ऐप के जरिए मुलाकात हुई थी। बातचीत और मुलाकात के बाद महिला ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि वह युवक को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लगातार रुपये मांग रही थी। डर के कारण युवक बैंक ट्रांसफर और नकद के जरिए करीब 90 लाख रुपये दे चुका था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने योजना बनाकर युवक को रुपये देने के लिए भेजा। महिला ने उसे सोहना रोड स्थित सेक्टर-47 के कॉफी हाउस में बुलाया। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने जैसे ही उसने 50 हजार रुपये लिए, उसे पकड़ लिया। बरामद नोटों पर पुलिस के पहले से किए गए निशान भी मिले। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सूर्यदीता दास के रूप में हुई है। पुलिस बैंक लेनदेन और उसके अन्य संभावित पीड़ितों की जांच कर रही है।

 

About The Author

Related Posts